टोंक

पत्नी ने ही रची थी पति की हत्या की साजिश, सोते हुए पुत्र पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर किया था घायल

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके तथा पति धन्नालाल के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। ऐसे में वे घर में भी अलग-अलग रहते थे। खाना भी अलग बनाते थे।  
2 min read
• •
Updated: 28 Sep 2018, 9:00 AM IST
wife-made-plot-to-murder-husband
पुलिस ने मामले में पति की हत्या के आरोप में पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

टोंक. नगरफोर्ट थाना क्षेत्र के भोजपुरा गांव में गत 23 सितम्बर की रात को हुई हत्या के मामले का खुलासा पुलिस ने गुरुवार को कर दिया। पुलिस ने मामले में पति की हत्या के आरोप में पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक योगेश दाधीच ने बताया कि आरोपी पत्नी कैलाशी देवी पत्नी धन्नालाल गोस्वामी है।

उन्होंने बताया कि गत 23 सितम्बर को किसी ने पुलिस को सूचना दी कि भोजपुरा गांव में पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल धन्नालाल गोस्वामी तथा उसके पुत्र पप्पूलाल को सआदत अस्पताल में भर्ती कराया था। इसमें धन्नालाल की मौत हो गई थी।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच के लिए गठित टीम ने संदेह के आधार पर पत्नी कैलाशीदेवी से पूछताछ तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके तथा पति धन्नालाल के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी। ऐसे में वे घर में भी अलग-अलग रहते थे। खाना भी अलग बनाते थे। इसके बावजूद आपस में झगड़ा होता रहता था। मृतक के चार पुत्र हैं, जिनमें से तीन जयपुर रहते हैं तथा छोटा पुत्र पप्पू घर पर ही रहता था।


पुलिस ने बताया कि मृतक पत्नी के साथ मारपीट करता था। ऐसे में उसने तय किया कि वह उसकी हत्या करने की ठान ली। ऐसे में उसने गत 23 सितम्बर की रात सोए हुए पति पर कुल्हाड़ी से ताबड़ तोड वार कर दिए।

हर बात में पिता का पक्ष्रा लेने वाले पुत्र पप्पू पर भी उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, लेकिन वह जाग गया। ऐसे में उसने कुछ आरोपियों की ओर से हमला करने का बहना बना दिया।


बाद में जब पुलिस आई तो उसने बाइक पर किसी अनजान लोगों की ओर से हमला करने की कहानी बना दी। पुलिस ने मामले का खुलासा कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

दो मृतकों की शिनाख्त
टोंक. सदर थाना क्षेत्र के रुस्तमगंज गांव के समीप पलटी बस में दो मृतकों की शिनाख्त गुरुवार को पुलिस ने कर ली। थाना प्रभारी जगदीशप्रसाद मीणा ने बताया कि शवों की शिनाख्त भीखापुर श्योपुर मध्यप्रदेश निवासी हंसराज सहरिया तथा उसकी पत्नी कैलाशी देवी के रूप में हुई है।

जबकि पुलिस ने एक मृतक श्योपुर मध्यप्रदेश निवासी बनवारी पुत्र कोमल की शिनाख्त बुधवार रात ही कर ली थी। पुलिस ने गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। गौरतलब है कि बुधवार दोपहर बाद मध्यप्रदेश के श्योपुर से आ रही बस बाइक को बचाने के चक्कर में सदर थाना क्षेत्र के रुस्तमगंज गांव के समीप पलटकर सडक़ किनारे खाई में गिर गई थी। इसमें तीन जनों की मौत हो गई थी तथा चार दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। नो जनों को जयपुर रैफर किया गया था।

Updated on:
28 Sep 2018, 9:00 AM IST
Published on: