जिले में बजरी का अवैध रूप से खनन व परिवहन पर यूं तो पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। लेकिन उनियारा में हुए हादसे में पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकडऩे के लिए मानवता ही छोड़ दी। इस का नतीजा यह हुआ कि टक्कर से घायल हुई बाइक सवार महिला की मौत हो गई।
बजरी भरी ट्रैक्ट्रर-ट्रॉली की टक्कर से महिला की मौत, तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
जिले में बजरी का अवैध रूप से खनन व परिवहन पर यूं तो पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। लेकिन उनियारा में हुए हादसे में पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकडऩे के लिए मानवता ही छोड़ दी। इस का नतीजा यह हुआ कि टक्कर से घायल हुई बाइक सवार महिला की मौत हो गई।
पुलिस गश्त से बचकर तेज गति से दौड़ रही बजरी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मंगलवार रात बाजोलिया नहर पर बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। इससे नाराज लोगों ने बुधवार सुबह उनियारा थाने का घेराव कर दिया।
इस पर पुलिस अधीक्षक राजर्षिराज ने सहायक उप निरीक्षक रतनलाल मीणा, कांस्टेबल रतिराम तथा कांस्टेबल चालक मनीष कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस उपाधीक्षक रोहित मीणा ने बताया कि मृृतका बाजोलिया निवासी मोना (35) पत्नी कीर्तिकुमार जांगिड़ है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को ढिकोलिया गांव में विवाह समारोह था। जहां से रात करीब साढ़े 9 बजे मोना पत्नी कीर्ति कुमार अपने जीजा महावीर जांगिड़ के साथ बाइक पर ढिकोलिया से बाजोलिया की ओर जा रहे थे। दूसरी बाइक पर महावीर जांगिड़ व उसकी पत्नी सीता देवी उनके पीछे आ रहे थे।
तभी बाजोरिया नहर पर बजरी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनके टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार महावीर एक तरफ गिर गया तथा मोना के ऊपर से टै्रक्टर-ट्रॉली गुजर गई। इसमें महावीर के भी मामूली चोट आई आई है। बाद में उन्होंने ही घायल मोना को उठाया और अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उनियारा पुलिस थाने की मोबाइल टीम बजरी भरे वाहनों को पकडऩे के लिए गश्त कर रही थी। ऐसे में पुलिस को देखकर बजरी भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को चालक तेज गति से दौड़ाते हुए गुजरे। इस दौरान चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे लेते समय पीछे आ रही बाइक पर सवार मोना पत्नी कीर्ति जांगिड़ कुचल गई।
इसके बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। महावीर ने बताया कि मोना वहीं सडक़ पर पड़ी थी और पीछे से पुलिस का वाहन भी गुजर गया। लेकिन किसी ने उसे नहीं सम्भाला। अस्पताल में भी भर्ती नहीं कराया। ऐसे में वे स्वयं ही उसे जैसे-तैसे कर अस्पताल लेकर आए।
अधिकारियों ने की समझाइश
पुलिस उपाधीक्षक रोहित मीण व उनियारा थाना प्रभारी छोटेलाल मीणा ने समीप के थानों से जाप्ता बुलाया। वहीं लोगों से भी समझाइश की। लेकिन परिवारजन एवं ग्रामीण संतुष्ट नहीं हो पाए। ग्रामीणों ने उनियारा थाने के बाहर मुख्य सडक़ को रोक दिया एवं नारेबाजी करने लग गए।
बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्श चौधरी व उनियारा उपखंड अधिकारी त्रिलोक चंद मीणा वहां पहुंचे और लोगों से बात की। लोगों की मांग पर सहायक उप निरीक्षक रतनलाल मीणा, कांस्टेबल रतिराम तथा कांस्टेबल चालक मनीष कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। मृतका के पति की ओर से मामला दर्ज कर लिया।
प्रदर्शन में शामिल अधिवक्ता सचितानंद शर्मा, पूर्व पालिका अध्यक्ष राकेश बढ़ाया, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष नमो नारायण गौत, कैलाश चौधरी, राजेश शर्मा, सत्यनारायण जांगिड़, मुकुट बिहारी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराना ने पुलिस अधिकारियों के सामने उचित मांग रखते हुए मामले को शांत करवाया।