TV न्यूज

‘सलमान सर के लिए नहीं था’, ‘हीरो’ के क्रेडिट को लेकर हुए विवाद पर अमाल मलिक ने अब दी सफाई

Amaal Mallik Hero Controversy: बॉलीवुड सिंगर अमाल मलिक ने फिल्म 'हीरो' को लेकर हो रहे क्रेडिट विवाद पर अब सफाई दी है। उन्होंने सलमान खान को लेकर क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
2 min read
Sep 14, 2026
Amaal Mallik Hero Controversy
अमाल मलिक (फोटो सोर्स- Instagram/colorstv)

Amaal MallikHero Controversy: साल 2015 में आई फिल्म 'हीरो' का गाना 'मैं हूं हीरो तेरा' आज भी सलमान खान के फैंस के बीच काफी लोकप्रिय है। इस गाने को लेकर अब संगीतकार अमाल मलिक ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। अमाल का कहना है कि फिल्म के 11 साल पूरे होने पर सलमान खान फिल्म्स की ओर से शेयर किए गए पोस्ट में गाने के संगीतकार और गीतकार का नाम तक शामिल नहीं किया गया। हालांकि, अमाल ने साफ किया है कि उनकी नाराजगी सलमान खान से नहीं, बल्कि सोशल मीडिया टीम के क्रेडिट देने के तरीके से है।

अमाल मलिक का पोस्ट

सोशल मीडिया पोस्ट पर अमाल ने जताई आपत्ति

दरअसल, सलमान खान फिल्म्स के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ‘मैं हूं हीरो तेरा’ से जुड़ा एक पोस्ट शेयर किया गया था। इसमें सलमान खान को इस गाने पर परफॉर्म करते हुए दिखाया गया। इसी पोस्ट के कमेंट सेक्शन में अमाल मलिक ने अपनी नाराजगी जाहिर की। अमाल ने सवाल उठाया कि आखिर गाने को बनाने वाले संगीतकार और गीतकार को पोस्ट में क्रेडिट क्यों नहीं दिया गया। उनका कहना था कि किसी गाने के पीछे संगीतकार और गीतकार की भी उतनी ही मेहनत होती है, इसलिए जब उस गाने का जिक्र किया जाए तो उसके रचनाकारों का नाम भी सामने आना चाहिए।

अमाल ने सोशल मीडिया टीम से उचित क्रेडिट देने की अपील करते हुए यह भी कहा कि उनके कमेंट को डिलीट न किया जाए। उन्होंने इच्छा जताई कि सलमान खान भी इस बात को देखें। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट करने की कोशिश की कि उनका मुद्दा सलमान खान के खिलाफ नहीं है।

अमाल ने बताया दशकों पुरानी है क्रेडिट की लड़ाई

इसके बाद अमाल मलिक ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए भी इस पूरे मामले पर बात की। उन्होंने कहा कि म्यूजिक इंडस्ट्री में कलाकारों और क्रिएटर्स को उचित पहचान दिलाने की लड़ाई कोई नई बात नहीं है। उनके मुताबिक यह संघर्ष कई दशकों से चला आ रहा है।

अमाल का मानना है कि संगीतकार, गीतकार और दूसरे क्रिएटिव लोगों को उनकी मेहनत के लिए सही समय पर पहचान मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि क्रेडिट मांगने को हर बार विवाद खड़ा करने या सुर्खियां बटोरने की कोशिश नहीं समझना चाहिए।

अरमान मलिक ने गाया था ओरिजिनल वर्जन

‘मैं हूं हीरो तेरा’ को अमाल मलिक ने कंपोज किया था, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे थे। इस गाने का ओरिजिनल वर्जन अमाल के भाई और सिंगर अरमान मलिक ने अपनी आवाज दी थी। बाद में सलमान खान ने भी इसका अपना वर्जन रिकॉर्ड किया था।

फिल्म ‘हीरो’ से जुड़े इस गाने की लोकप्रियता के बीच अब क्रेडिट का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। अमाल की नाराजगी के बाद यह सवाल उठ रहा है कि किसी पुराने या लोकप्रिय गाने को याद करते समय उसके पीछे काम करने वाले संगीतकार और गीतकार को भी उतनी ही प्रमुखता से याद किया जाना चाहिए या नहीं। वहीं, इस मामले पर सलमान खान या सलमान खान फिल्म्स की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Updated on:
14 Sept 2026 04:34 pm
Published on:
14 Sept 2026 04:34 pm