
Bhabiji Ghar Par Hai Shut Down On TV after 11 years: छोटे पर्दे का सबसे लोकप्रिय और सबको हंसाने वाला कॉमेडी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। विभूति नारायण मिश्रा की 'नल्लापंथी' हो या अंगूरी भाभी का 'सही पकड़े हैं', इस शो के हर किरदार ने घर-घर में अपनी पहचान बनाई है, लेकिन अब इसके फैंस के लिए एक बुरी खबर आ रही है। कहा जा रहा है कि यह शो जल्द ही टीवी से ऑफ-एयर यानी बंद होने वाला है। जैसे ही ये खबर आई सोशल मीडिया पर हर कोई हैरान रह गया। लोग कमेंट करन लगे।
हालांकि, इस खबर में एक बड़ा ट्विस्ट भी है जो फैंस को राहत देगा। खबर है कि शो टीवी पर बंद जरूर हो रहा है, लेकिन यह पूरी तरह खत्म नहीं होगा। मेकर्स इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म 'जी5' (ZEE5) पर शिफ्ट करने की तैयारी कर रहे हैं। यानी अब दर्शक अपने पसंदीदा शो को मोबाइल और लैपटॉप पर कभी भी देख सकेंगे। इस बदलाव की पुष्टि खुद शो की ओरिजिनल 'अंगूरी भाभी' यानी शिल्पा शिंदे ने की है।
ई-टाइम्स से बातचीत में शिल्पा शिंदे ने इस बड़े बदलाव पर मुहर लगाते हुए कहा, "यह सच है कि ‘भाबीजी घर पर हैं’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर जाने वाला है। यह शो वहां सीमित फॉर्मेट में उपलब्ध होगा और सीजन दर सीजन आगे बढ़ेगा।" शिल्पा ने यह भी हैरानी जताई कि शो में उनकी वापसी के बावजूद कई लोग अभी भी सोशल मीडिया पर उनसे वापस आने की गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं दिसंबर में ही शो में लौट चुकी हूं, लेकिन लगता है दर्शकों को इसकी जानकारी ही नहीं है। अब ओटीटी पर आने से नई पीढ़ी के दर्शक भी इससे जुड़ सकेंगे।"
शो के बंद होने और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जाने के पीछे एक बड़ा मकसद इसके ओरिजिनल कॉन्सेप्ट को वापस लाना भी है। शिल्पा ने बताया कि शुरुआती दिनों में शो का जो जादू था, वह दो पड़ोसी कपल्स के बीच की खट्टी-मीठी नोकझोंक और एक-दूसरे के घरों में 'ताका-झांकी' पर आधारित था। समय के साथ स्क्रिप्ट बदली और वह मूल भावना कहीं खो गई।
शिल्पा के अनुसार, "जब मैं वापस आई तो वह पुराना कॉन्सेप्ट गायब था। अब मेकर्स उसी पुराने और असली अंदाज को फिर से लाने की योजना बना रहे हैं, जो इस शो की असली जान था। मैं इस नए बदलाव और शो के डिजिटल सफर को लेकर काफी उत्साहित हूं।"