
Mahi Vij Vs Yung DSA Bigg Boss 20: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में यंग DSA और माही विज के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। लेटेस्ट एपिसोड में यंग DSA की ‘मच्छर’ और ‘डेंगू’ वाली टिप्पणी के बाद माही विज भावुक होती नजर आईं। इसके बाद सोशल मीडिया और शो के दर्शकों के बीच ये सवाल उठने लगा है कि क्या माही इस पूरे विवाद को जरूरत से ज्यादा खींच रही हैं और क्या वह सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रही हैं।
दरअसल, इससे पहले माही विज ने भी यंग DSA को ‘मच्छर’ कहकर तंज कसा था। वहीं अब यंग की टिप्पणी के बाद माही ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मां होने का जिक्र किया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि मां से इस तरह की बातें कही जाएंगी तो वह अपने बच्चों के बारे में सोचने लगेंगी। माही के इस रिएक्शन ने शो में चल रहे विवाद को और चर्चा में ला दिया है।
रविवार के एपिसोड में सलमान खान ने घरवालों को एक मजेदार म्यूट टास्क दिया। इसमें कंटेस्टेंट्स को उस सदस्य के मुंह पर टेप लगाना था, जिसकी बातें उन्हें सबसे ज्यादा परेशान करती हैं या जो बिना जरूरत दूसरों के मामलों में बोलता है।
टास्क की शुरुआत यंग DSA ने की और उन्होंने माही विज के मुंह पर टेप लगा दिया। यंग ने आरोप लगाया कि माही किसी भी मुद्दे में तुरंत वकील बनकर कूद पड़ती हैं। इसके जवाब में माही ने भी यंग के मुंह पर टेप लगाया और कहा कि वह बेवजह बोलते रहते हैं और सामने बात करने के बजाय बगल से कमेंट करके निकल जाते हैं।
माही और यंग के बीच विवाद इसके बाद और बढ़ गया। शो में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के आने के दौरान एक शायरी गेम खेला गया। माही के सामने जब यह शायरी आई कि ‘बंद कर दो बनना किसी और की सस्ती कॉपी’, तो उन्होंने इसे यंग DSA से जोड़ दिया। आयुष्मान के पूछने पर माही ने साफ कहा कि यंग MC स्टैन की सस्ती कॉपी हैं। इसके बाद सलमान खान और घर के बाकी सदस्य यंग के साथ मजाक करते नजर आए।
अब यंग की डेंगू वाली टिप्पणी के बाद माही के भावुक होने पर दर्शकों के बीच बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे गंभीर व्यक्तिगत मुद्दा मान रहे हैं, जबकि कुछ दर्शकों का कहना है कि बिग बॉस का गेम अब जरूरत से ज्यादा ‘सास-बहू ड्रामा’ की तरफ बढ़ रहा है।