
नई दिल्ली | टीवी एक्टर गौरव चोपड़ा (Gaurav Chopra) को घर में दुखों का पहाड़ टूटने के बाद अब खुशियां लौट आई हैं। गौरव चोपड़ा और उनकी वाइफ हितिशा बेटे के माता-पिता बन गए हैं। एक्टर की इस खुशखबरी की जानकारी अपने सोशल मीडिया पर दी है। गौरव चोपड़ा ने हाल ही में कोरोनावायरस (Coronavirus) के चलते अपने माता-पिता को खो दिया था। लेकिन अब बड़े दुख के बाद उनके घर में नन्हा मेहमान आ गया है। गौरव आजकल बेंगलुरू में हैं और वहीं पर उनकी पत्नी हितिशा (Hitisha Cheranda) ने बेटे को जन्म दिया है। गौरव ने बताया कि पिछले कुछ दिन उनके लिए बेहद ही मुश्किल भरे रहे हैं। लेकिन इसी बीच उनके घर में एक खुशखबरी आती है जिससे वो बेहद खुश हैं।
गौरव ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए तीन तारीखों का जिक्र किया है। 19 अगस्त 2020 को गौरव की मां दुनिया को अलविदा कह गई थी। उसके बाद 29 अगस्त को उनके पिता का भी निधन हो गया। अब 14 सितंबर को उनके घर बेटे का जन्म हुआ (Gaurav Chopra baby boy) है। गौरव ने लिखा कि थोड़े ही समय में जिंदगी का मतलब समझ आ गया। वहीं गौरव ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया कि पिछले कुछ महीने बहुत मुश्किल भरे रहे। लेकिन मेरा पिता बनना भगवान की मर्जी है। ये मेरे लिए एक खूबसूरत तोहफा है। जब आप अपने माता-पिता को खो देते हैं उस दौरान आपके घर एक नन्हा मेहमान आता है तो आप खुद को लकी समझते हैं। अभी हितिशा और बच्चा दोनों बिल्कुल स्वस्थ हैं।
गौरव ने आगे कहा कि जिंदगी का चक्र शायद इसी प्रकार चलता है। कोरोना के कारण मैं बहुत डरा हुआ था। मेरे माता-पिता बहुत बीमार थे और हितिशा प्रेग्नेंट थीं। लेकिन फिलहाल मैं बाप बन गया हूं और स्वर्ग से ये देखकर मेरे माता-पिता बहुत खुश होंगे। पिछले नौ महीने बेहद मुश्किल भरे गुजरे कि वक्त पता ही नहीं चला। बहराल अब मैं अपने पिता बनने की ड्यूटी निभा पाऊंगा।