
Bhushan Thakare first Crorepati in KBC 18: रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) सीजन 18 में एक बेहद भावुक पल सामने आया है, जहां शो को अपना पहला 1 करोड़ रुपये का विजेता मिल गया है। जलगांव के 28 साल के भूषण ठाकरे ने 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब देकर यह बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। जैसे ही अमिताभ बच्चन ने उनके जवाब को सही, कहा पूरा सेट तालियों से गूंज उठा। खुद बिग बी अपनी सीट से उठे और कंटेस्टेंट को गले लगा लिया। इसका पूरा वीडियो सामने आया है। वहीं, भूषण ठाकरे ने बताया कि वह महज 24 रुपये लेकर मुंबई आए थे।
सोनी टीवी द्वारा जारी किए गए प्रोमो में देखा जा सकता है कि भूषण ठाकरे ने 15 सवालों के सही जवाब देकर 1 करोड़ रुपये का पड़ाव पार कर लिया है, जिसके बाद होस्ट अमिताभ बच्चन उन्हें गले लगाकर बधाई देते नजर आए। बातचीत के दौरान भूषण ने खुश भी हुए और भावुक भी। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता ने उनकी पढ़ाई के लिए कितनी कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। उनके पिता दिहाड़ी मजदूरी करते थे, जबकि उनकी मां को स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्याएं रहीं और उनकी कई सर्जरी हुईं है।
भूषण ठाकरे ने आगे कहा कि 28 साल की उम्र में वह पिछले डेढ़ साल से घर नहीं गए हैं। उनके माता-पिता ने तमाम तकलीफों के बावजूद मजदूरी करते हुए मां का ख्याल रखा और उनकी पढ़ाई का खर्च भी उठाया है। भूषण को लगा कि उन्होंने अभी तक माता-पिता को वह जीवन नहीं दिया जिसके वह असली हकदार हैं, इसलिए उन्होंने तय किया कि कुछ सार्थक हासिल करने के बाद ही अब वह घर लौटेंगे।
भूषण ठाकरे ने आर्थिक तंगी के बीच पढ़ाई जारी रखने का अनुभव भी बताया। उन्होंने कहा कि वह अभी UPSC एग्जाम की तैयारी कर रहे हैं और एडमिशन न मिलने पर वह घर से ही पढ़ रहे थे। पिता को मजदूरी करते देख उन्हें लगा कि घर बैठने के बजाय उन्हें भी कमाई में हाथ बंटाना चाहिए और इसी सोच के तहत उन्होंने गांव की एक नदी पर काम शुरू कर दिया।
हालांकि, उनके पिता को यह मंजूर नहीं था कि बेटा वही मेहनत-मजदूरी वाला काम करे जो वह सालों से करते आए हैं। पिता ने साफ कहा कि या तो घर पर रहो या पढ़ाई पर ध्यान दो, और उन्हें मजदूरी करने की अनुमति नहीं दी। आज 1 करोड़ रुपये जीतने के बाद भूषण 7 करोड़ रुपये के सवाल के मुहाने पर खड़े हैं। क्या वह यह बड़ा पड़ाव भी पार कर पाएंगे, यह देखना दिलचस्प होगा। 'कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18' सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर देखा जा सकता है।