Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2 Going Off Air: स्मृति ईरानी के शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 को लेकर शो के निर्माताओं ने आधिकारिक बयान जारी कर बंद होने की खबरों पर प्रतिक्रिया दी है।
Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2 Going Off Air: टीवी की दुनिया का सबसे चर्चित पारिवारिक शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि इसका दूसरा सीजन जल्द ही बंद होने वाला है और इसकी जगह एक नया स्पिन-ऑफ शो लाया जाएगा। लेकिन अब इसी को लेकर मेकर्स ने साफ कर दिया है।
चैनल की ओर से साफ कहा गया है कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी सीजन 2' को बंद करने की कोई योजना नहीं है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि शो खत्म होने की कोई तय तारीख नहीं है। इस बयान के सामने आने के बाद उन खबरों पर विराम लग गया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि जल्द ही यह शो ऑफ-एयर होने वाला है।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा जोरों पर थी कि शो की जगह 'क्योंकि रिश्तों के भी रूप बदलते हैं' नाम का नया शो लाया जाएगा, जिसकी कहानी नई पीढ़ी के किरदारों के इर्द-गिर्द घूमेगी। इसी अटकल ने दर्शकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी थी।
शो में तुलसी विरानी का प्रतिष्ठित किरदार निभाने वाली स्मृति ईरानी ने भी इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए साफ कहा कि उनके नाम और उनकी छवि का इस्तेमाल किसी भी नए स्पिन-ऑफ प्रोजेक्ट में आधिकारिक रूप से नहीं किया गया है। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि किसी भी तरह की जानकारी पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर कर लें।
स्मृति ईरानी का ये बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि उनके किरदार की लोकप्रियता ही इस शो की पहचान रही है।
गौरतलब है कि निर्माता एकता कपूर का ये शो करीब 17 सालों के लंबे अंतराल के बाद दोबारा छोटे पर्दे पर लौटा था। दूसरे सीजन का प्रसारण 29 जुलाई 2025 से शुरू हुआ और इसमें एक बार फिर दर्शकों को तुलसी और मिहिर की जोड़ी देखने को मिली। इस बार अमन उपाध्याय ने भी मिहिर विरानी के किरदार में वापसी की, जिसने पुराने दर्शकों को भावुक कर दिया।
दूसरे सीजन में जहां पुराने कलाकारों की मौजूदगी बनी हुई है, वहीं नई पीढ़ी के किरदारों को भी कहानी में अहम स्थान दिया गया है। इसमें रोहित सुचांती, शगुन शर्मा और अमन गांधी जैसे युवा कलाकारों को शामिल किया गया है, जो आधुनिक रिश्तों और बदलते पारिवारिक समीकरणों को दर्शाते हैं।
इसके अलावा शो में हितेन तेजवानी, गौरी प्रधान और सुमित सचदेव जैसे पुराने कलाकारों की वापसी ने दर्शकों के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है।
मौजूदा कहानी में तुलसी विरानी अपने बच्चों और परिवार को एकजुट रखने के लिए फिर से शांति निकेतन लौटती हैं। परिवार, संस्कार और रिश्तों की मजबूती पर आधारित यह कहानी आज भी दर्शकों के दिलों से जुड़ी हुई है। यही वजह है कि शो की लोकप्रियता लगातार बनी हुई है और इसके बंद होने की खबरों ने फैंस को परेशान कर दिया था।
हालांकि अब मेकर्स और चैनल के स्पष्ट बयान के बाद दर्शकों को राहत जरूर मिली है कि उनका पसंदीदा शो फिलहाल कहीं नहीं जा रहा है।