टीवी के कुछ कालाकारों ने नवरात्रि के महत्तव को लेकर अपने विचार साझा किए।
वैसे तो हमारे देश में सालभर ही त्योहार मनाए जाते हैं। लेकिन दीवापली का हमारे देश में काफी महत्तव है। इसकी शुरूआत नवरात्रि से ही हो जाती है। नवरात्रि देश के सभी जगहों पर धूमधाम से मनाई जाती है। पूरे नौ दिनों तक माता रानी की पूजा की जाती है और गरबा खेला जाता है। ऐसे में टीवी के कुछ कालाकारों ने नवरात्रि के महत्तव को लेकर अपने विचार साझा किए।
भूमि त्रिवेदी:
सिंगिंग रियलिटी शो 'लव मी इंडिया' में कैप्टन की भूमिका में नजर आ रहीं सिंगर भूमि ने बताया, 'मैं पिछले आठ सालों से नवरात्रि के पावन सीजन के दौरान परफॉर्म करती आ रही हूं। मैं खुद को बेहद खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे लाखों लोगों के सामने गाने का यह अवसर मिला। मुझे लगता है कि यह त्योहार पूरी तरह से रंगों से रोशन है और इस दौरान हमारे आस-पास काफी सकारात्मककता होती है। मुझे उन लोगों को देखकर काफी प्रेरणा मिलती है, जो व्यस्त दिनचर्या और ट्रैफिक के बावजूद बेहतरीन परिधानों में सज-धज कर आते हैं और गरबा खेलने में अपनी पूरी एनर्जी लगा देते हैं।'
सेहबान अजीम:
टीवी शो ‘तुझसे है राब्ता‘ में मल्हार राणे की भूमिका निभा रहे सेहबान अजीम कहते हैं, ‘नवरात्रि हमारे देश का ऐसा पर्व है जिसे बड़ी पवित्रता के साथ धूमधाम से मनाया जाता है। यह त्यौहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व सभी मनुष्यों को यह संदेश देता है कि वे अपनी असुरक्षाओं और अपनी नकारात्मक भावनाओं से आगे निकलकर अपनी आत्मा को शुद्ध करें और एक खुशहाल जिंदगी की ओर कदम बढ़ाएं।'
सूरज थापर:
शो 'विक्रम बेताल की रहस्य गाथा' में भद्रकाल की भूमिका निभा रहे सूरज थापर ने कहा, ’मुझे पूरा भरोसा है कि त्योहारों के दौरान हर शहर का अपना आकर्षण होता है और मुंबई भी इससे अछूता नहीं है। कभी न सोने वाला यह शहर अचानक से और भी ज्यादा उत्साहपूर्ण और रंगीन बन जाता है। हमें एक-दूसरे से मिलने और प्यार बांटने के लिये बस एक वजह की जरूरत होती है। मैं और मेरा परिवार पूरे 9 दिनों तक पूजा करते हैं। इसके साथ ही गरबा की रातें भी इस त्योहार का एक प्रमुख आकर्षण हैं।'
करण सुचक:
शो 'मेरी हानिकारक बीवी, में अखिलेश का किरदार निभा रहे करण सुचक ने कहा, ’नवरात्रि सिर्फ मेरे परिवार में ही नहीं, बल्कि पूरे शहर में भी हमेशा से एक आनंददायक उत्सव रहा है। यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि जो लोग अक्सर काम में डूबे रहते हैं, वे इस त्योहहार के दौरान ऊर्जा और उत्साह से भरे नजर आते हैं। नवरात्रि के सीजन के दौरान मैं शूटिंग में व्यस्त रहता हूं, इसलिए मुझे इन 9 दिनों के दौरान अपने परिवार के लोगों और दोस्तों के साथ गरबा खेलने का समय नहीं मिल पाता है। हालांकि, मुझे जब भी समय मिलता है, मैं एक खुले मैदान में गरबा खेलने आए लोगों के साथ डांस करने का मजा लेने से नहीं चूकता। इस बार भी नवरात्रि पर मुझे उम्मीद है मुझे गरबा खेलने का मौका मिलेगा।'
करण जेतवानी:
शो ‘आप के आ जाने से‘ में साहिल का रोल निभा रहे करण जोतवानी कहते हैं,‘नवरात्रि स्वादिष्ट व्यंजनों और पारंपरिक नृत्य का एक अद्भुत पर्व है, खासतौर से मुंबई और गुजरात में इसे धूमधाम से मनाया जाता है, जहां सभी लोग मिलकर डांडिया और गरबा का उत्सव मनाने इकट्ठा होते हैं। लोग कुर्ता, धोती, लहंगा जैसे पारंपरिक परिधानों में सजकर इस जोश और जश्न से भरे माहौल का मजा लेते हैं।'
सेहरिश अली:
‘गुड्डन... तुमसे ना हो पाएगा‘ में लक्ष्मी जिंदल की भूमिका निभा रहीं सेहरिश अली कहती हैं, ‘क्योंकि मैं दिल से धार्मिक स्वभाव की हूं इसलिए मैं हर त्यौहार मनाने की कोशिश करती हूं। पहले मैं अपने दोस्तों के साथ मिलकर हर साल नवरात्रि का इंतजार करती थी और हर शाम के लिए विशेष परिधान तैयार करती थी और पूरे 9 दिन डांडिया खेलती थी। इस साल भी मैं कुछ समय निकालकर अपने दोस्तों के साथ डांडिया और गरबा नाइट्स का हिस्सा बनूंगी।‘