
Youth Beaten For Breaking Rule: उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के कमोल गांव में एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। शराब के नशे में पिता के साथ मारपीट करने और समाज के शराबबंदी नियम का उल्लंघन करने के आरोप में युवक को समाज की बैठक में सजा दी गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने युवक के एक पैर में रस्सी बांधकर उसे पेड़ से उल्टा लटका दिया और उसकी पिटाई की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें डिटेन कर लिया है।
उदयपुर जिले के सायरा थानाधिकारी कानाराम सिरवी ने बताया कि यह घटना 12 मई की है। कमोल गांव निवासी चुनाराम गमेती पर आरोप है कि उसने शराब के नशे में अपने पिता के साथ मारपीट की थी। अगले दिन समाज के पंचों और अन्य लोगों ने भील बस्ती में बैठक बुलाई। बैठक में शराबबंदी के नियम का उल्लंघन करने का दोषी मानते हुए चुनाराम पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
आरोप है कि जुर्माना लगाने के बाद कुछ युवकों ने चुनाराम के एक पैर में रस्सी बांधकर उसे पेड़ से उल्टा लटका दिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो की जांच के बाद घटना में शामिल 11 लोगों की पहचान कर उन्हें डिटेन किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह के अमानवीय कृत्य किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
गोपाल चंदेल पुलिस उप अधीक्षक, गिर्वा