उदयपुर

उदयपुर के अभिनव ने बनाया वॉट्सएप बेस्ड पेमेंट एप , मिला डेढ़ लाख का पुरस्कार

- भारत सरकार के नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने मांगे थे सरल डिजिटल भुगतान के आइडिया
2 min read
• •
Updated: 24 Dec 2020, 7:35 PM IST
abhinav_jain.jpg

उदयपुर. डिजिटल भुगतान करने के लिए गूगल प्ले, पेटीएम और भी कई सारे एप्स हैं लेकिन एक ऐसा एप होना चाहिए जो भुगतान प्रक्रिया को बहुत आसान बना दे। ये काम वॉट्सएप के माध्यम से आसानी से किया जा सकता है। इसी के लिए वॉट्सएप आधारित पेमेंट एप उदयपुर के युवा ने अपने साथी के साथ बनाया और उनके इस एप के आइडिया को देश का सर्वश्रेष्ठ आइडिया का खिताब मिला। ये युवा हैं उदयपुर के अभिनव जैन। अभिनव के वॉट्सएप आधारित बिल पेमेंट एप को भारत सरकार के नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने 1.5 लाख रुपए का पुरस्कार प्रदान किया।

देश भर से भेजे गए थे 800 आइडियाज, मिला प्रथम पुरस्कार
अभिनव ने बताया कि हाल ही उन्होंने एमआईटी, पुणे से कंप्यूटर साइंस में इंजीनिरिंग में स्नातक की है। उनके पिता राजेंद्र जैन बिजनेसमैन हैं और माता मीनाक्षी हैं। उनके साथ उनके मित्र महाराष्ट्र के अभय जिडगे का भी इसमें सहयोग रहा। दरअसल, भारत में डिजिटल भुगतान को बढ़ाने के लिए नए विचारों को लाने के कदम के रूप में अगस्त, 2020 से एनपीसीआई का आइडियाथॉन चल रहा था। जिसमें देश भर से 800 आइडियाज भेजे गए थे, इसमें 35 आइडियाज का चयन किया गया था। इसके बाद 9 आइडिया चुने गए, जिसमें तीन ने पुरस्कार जीते। एनपीसीआई द्वारा प्रतियोगिता के विजेता को प्रथम पुरस्कार के रूप में 1.5 लाख रु., द्वितीय पुरस्कार के लिए 1 लाख रु. और तीसरे पुरस्कार के लिए 50 हजार रु. से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य भारत में तकनीकी उत्साही लोगों के बीच अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना और डिजिटल भारत के लिए नए समाधान लाना था।

अब स्टार्टअप करेंगे शुरू

उदयपुर के अभिनव जैन ने बताया कि वॉट्सएप को बुजुर्ग भी आसानी से उपयोग कर लेते हैं। ऐसे में उन्होंने इसी के माध्यम से भुगतान का तरीका सोचा और इसके लिए एप बनाई। इसमें नया एप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है। मोबाइल नंबर के माध्यम से ही चैट के माध्यम से बिजली, गैस व अन्य तरह के बिल का भुगतान हो सकता है। एप में प्राकृतिक भाषा प्रसंस्करण (एनएलपी), ओसीआर जैसी सुविधाएं हैं, जो बिल फोटो पर क्लिक करके बिल का भुगतान करती हैं। जैन ने बताया कि अब वे स्टार्टअप खोलेंगे। एनपीसीआई ने अलग-अलग बैंकों के साथ आइडिया शेयर किया है और जो भी इस आइडिया पर काम करना चाहेगा, वे उसी बैंक के साथ काम करेंगे।

Published on: