दिल्ली की फ्लाइट्स में सबसे ज्यादा रश, यहां से लोग कश्मीर, कुल्लू-मनाली जा रहे, दोगुने दाम में मिल रहे टिकट्स इन दिनों फुल है ऑक्यूपेंसी
क्या आप भी समर वेकेशंस में किसी हिल स्टेशन घूमने का प्लान कर रहे हैं और फ्लाइट टिकट्स की बुकिंग करा रहे हों तो एक बार फ्लाइट टिकट्स की कीमतें जरूर देख लें। हो सकता है कि इन कीमतों की वजह से आपकाे बजट थोड़ा बढ़ाना पड़ जाए। दरअसल, छुट्टियां होते ही अधिकतर लोग अब परिवार के साथ लोग घूमने-फिरने निकल रहे हैं। यही कारण है कि इन दिनों फ्लाइट्स में फुल ऑक्यूपेंसी चल रही है। उदयपुर के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट से भी आने-जाने वाली फ्लाइट्स फुल चल रही हैं। ऐसे में या तो आपको मनपसंद डेस्टिनेशन पर जाने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा या फिर अधिक कीमत देकर बुकिंग करानी होगी।
कुल्लू-मनाली, कश्मीर आदि जगहों पर जाने के लिए एयर टिकट्स महंगे
ट्रेवल एजेंट्स के अनुसार इन दिनों किसी भी फ्लाइट में बमुश्किल ही सीट मिल रही है। गर्मी में घूमने का मजा लेने के लिए अधिकतर लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। ऐसे में दिल्ली जाने वाली फ्लाइट्स में सबसे अधिक यात्रीभार है। वहीं, दिल्ली से हिल स्टेशंस जैसे कुल्लू-मनाली, कश्मीर आदि जगहों पर जाने के लिए एयर टिकट्स दोगुने दामों में मिल रहे हैं। वहीं, दिसंबर-जनवरी की तुलना में अभी प्रमुख पर्यटन स्थलों के टिकट की कीमत 30-40 फीसदी बढ़ चुकी है। पिछले साल से तुलना की जाए तो फ्लाइट्स के टिकट की कीमतों में सीधा 50 फीसदी तक का इजाफा हो गया है।
बढ़ा यात्रीभार
वहीं, हाल ही एक एयरलाइंस ने दिवालिया होने के कारण अपनी उड़ानें कई जगहों के लिए बंद कर दी है। ऐसे में जो यात्री इस एयरलाइंस से कहीं के लिए महीनों पहले बुकिंग करा चुके थे, उन्हें अब दूसरी एयरलाइंस पर शिफ्ट होना पड़ रहा है। ऐसे में यात्रीभार इस कारण से भी बढ़ा है।
टॉपिक एक्सपर्ट ...
इन दिनों कश्मीर, कुल्लू-मनाली जाने की डिमांड सबसे ज्यादा है। ऐसे में दिल्ली से इन जगहों पर जाने के लिए टिकट्स महंगे हो चुके हैं। उदयपुर से दिल्ली तक का किराया तो अब तक सामान्य ही है, लेकिन आने वाले दिनों में ये बढ़ भी सकता है क्योंकि अभी सभी फ्लाइट्स फुल जा रही हैं।
- अशोक जोशी, पर्यटन व्यवसायी
सस्ती टिकट्स के लिए ये काम करें
एक सर्वे के अनुसार वीकेंड के बजाय हमेशा वीक डेज में ट्रेवल का प्लान करें। सोमवार और बुधवार के बीच फ्लाइट की टिकट 12 से 20 प्रतिशत सस्ती होती हैं। रविवार ट्रेवल के लिए सबसे महंगा होता है। यदि आप वीकेंड के बजाय मंगलवार और गुरुवार के बीच टिकट बुक करते हैं तो कीमतें पिछले पांच वर्षों में औसतन केवल 1.9 प्रतिशत सस्ती हुई हैं। अगर यात्रा से कुछ दिन पहले ही टिकट कराएंगे तो वो आपको काफी महंगा पड़ सकती है। हाल ही में हुई एक रिसर्च से पता चला है कि ट्रेवलिंग से 47 दिन पहले फ्लाइट टिकट बुक करने से आपको सबसे सस्ता हवाई किराया हासिल करने में मदद मिलती है।
वर्तमान में उदयपुर से यहां-यहां के लिए हैं फ्लाइट्स -
दिल्ली के लिए - 5 उड़ानें
मुंबई - 4 उड़ानें
जयपुर - 1 उड़ान
भोपाल - 1 उड़ान
इंदौर - 1 उड़ान
बेंगलुरू - 1 उड़ान
हैदराबाद - 1 उड़ान
अहमदाबाद - 1 उड़ान