
मुकेश्ा हिंंगड़ /उदयपुर . विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन को मजबूत बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी जिलाध्यक्षों को नई कार्यकारिणी का गठन करने के निर्देश दिए हैं लेकिन नाराजगी या विरोध से बचने के लिए रास्ते निकाले जा रहे हैं। वैसे, शहर कांग्रेस कार्यकारिणी में कुछ नए नाम शामिल किए जा सकते हैं तो देहात में कार्यकारिणी में बड़ा बदलाव हो सकता है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसार 30 मई तक जिला कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन कर इसकी जानकारी मुख्यालय को भेजनी है लेकिन अभी तक इसकी तैयारियां नहीं हुई है। वैसे शहर अध्यक्ष गोपालकृष्ण शर्मा का तो पूरी कार्यकारिणी का नए रूप देने का मन कम है। वे तो इतना चाहते हैं कि कुछ सक्रिय कार्यकर्ताओं को कार्यकारिणी में शामिल कर दिया जाए। स्पष्ट है कि शहर कार्यकारिणी में कुछ नामों को और जोड़ा जाएगा। देहात अध्यक्ष लालसिंह झाला भी नई कार्यकारिणी की तैयारी में है। वैसे देहात की कार्यकारिणी में बड़ा बदलाव हो सकता है। झाला निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को लेकर पहले भी चेतावनी दे चुके हैं। शहर कार्यकारिणी में एक कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की भी तैयारी चल रही है।
सबकी राय से बनेगी कार्यकारिणी
शहर कांग्रेस ने तो पहले जो अतिरिक्त नाम भेजे थे, उनमें से कुछ को कार्यकारिणी में ले लिया जाएगा, वहीं देहात में विधायक, पूर्व विधायक, ब्लॉक अध्यक्ष आदि से विचार कर कार्यकारिणी को अंतिम रूप दिया जाएगा। कार्यकारिणी पर जिलाध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी से अनुमोदन करने के बाद सीधे प्रदेश अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिव के समक्ष जाएगी।
कई पदाधिकारी नाम के, बैठकों में नहीं आते
शहर व देहात की जो वर्तमान कार्यकारिणियां हैं। उनके कई पदाधिकारी बैठकों एवं कार्यक्रमों में उपस्थित नहीं होते हैं, कई बार निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाने की बात उठ चुकी है, लेकिन राजनीतिक नुकसान और विरोध के चलते अभी तक कांग्रेस ने इस पर अपना कदम नहीं उठाया है।
फिलहाल यह है स्थिति
शहर कार्यकारिणी
कार्यकारिणी में 5 वरिष्ठ उपाध्यक्ष, 7 उपाध्यक्ष, 26 महासचिव, 1 कोषाध्यक्ष, 39 सचिव एवं 48 कार्यकारिणी सदस्य बना रखे हैं।
देहात कार्यकारिणी
कार्यकारिणी में 5 उपाध्यक्ष, 5 महामंत्री, 10 सचिव, 1-1 प्रवक्ता व कोषाध्यक्ष तथा 21 कार्यकारिणी सदस्य बना रखे है।