
उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले में एक युवक ने अपनी ही गर्लफ्रेंड, उसकी मां व भाई पर हमला कर दिया। इतना ही नहीं आरोपी बॉयफ्रेंड ने खुद को भी घायल कर लिया। गंभीर रूप से घायल चारों जने एमबी अस्पताल में भर्ती हैं। अंबामाता थाना क्षेत्र की खारोल कॉलोनी में शुक्रवार शाम हुई वारदात से हड़कंप मच गया। थानाधिकारी हुकुम सिंह ने बताया कि बादरवाड़ा हाल खारोल कॉलोनी निवासी एक युवती अपनी मां और भाई के साथ किराए के कमरे में रहती है। युवती का दिनेश राजपूत से संपर्क रहा है। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा है। लेकिन, किसी बात को लेकर युवती ने युवक से संपर्क बंद कर दिया और उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
इसी बात को लेकर डाबून सलोदा राजसमन्द निवासी दिनेश भड़का हुआ था। शुक्रवार शाम को वह युवती के घर पर पहुंच गया, जहां मोबाइल नंबर ब्लॉक करने और बात बंद करने को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। कुछ ही देर में बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने गर्लफ्रेंड की मां पर चाकू से हमला कर दिया। मां को बचाने के लिए युवती और उसका भाई दौड़कर आए। तभी आरोपी ने युवती और उसके भाई पर भी वार कर दिया। इसके बाद खुद को नुकसान पहुंचाते हुए आरोपी दिनेश ने अपने भी हाथ और गले पर चाकू चला दिया।
घर में चीख पुकार सुनकर लोग मदद के लिए दौड़े। अंदर देखा तो सभी घायल अवस्था में मिले। युवक ने युवती की अंगुलियां काट दी और कान व हाथ पर भी वार किया। हमले में युवती बुरी तरह घायल हो गई। आरोपी ने युवती के भाई का भी सिर फोड़ दिया। सूचना पर अंबामाता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के दौरान चार माह की बच्ची भी मौजूद थी। स्थानीय लोगों ने बच्ची को सुरक्षित निकाला और बाद में मकान मालिक की देखरेख में सौंपा। घटना का पता लगते ही परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में हॉस्पिटल पहुंचे। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने बताया कि युवती शादीशुदा है। लेकिन, वह कुछ साल से अपने पति से अलग अपने मां और भाई के साथ रह रही है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान युवती की लड़के से पहचान हुई और फिर दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। लेकिन, कुछ दिनों पहले ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद युवती ने प्रेमी का मोबाइल नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया था। इसी वजह से युवक काफी परेशान था और वारदात को अंजाम दिया।