उदयपुर

बीएसएनएल का खास ऑफर: रिचार्ज नहीं कराया तो भी आपका ही रहेगा नम्बर, जानिए क्या करना होगा

BSNL News: बीएसएनएल के 'आपका नंबर अभी भी आपका है' विशेष ऑफर के तहत अब ग्रेस पीरियड में गए नंबर को भी चालू कराया जा सकता है।
2 min read
Mar 24, 2026
BSNL Vacancy 2026
BSNL 2026

उदयपुर। भारत संचार निगम लिमिटेड ( BSNL ) के उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। लंबे समय से मोबाइल नम्बर रिचार्ज नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के लिए बीएसएनएल ने राहत भरी पहल की है ।

क्या है बीएसएनएल का यह ऑफर

बीएसएनएल के 'आपका नंबर अभी भी आपका है' विशेष ऑफर के तहत अब ग्रेस पीरियड में गए नंबर को भी महज 449 रुपए में दोबारा चालू कराया जा सकता है।

31 मार्च तक लागू रहेगी योजना

यह योजना 31 मार्च तक लागू रहेगी। बीएसएनएल ने अपने मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए यह विशेष 4जी प्लान शुरू किया है, इससे वे ग्राहक लाभान्वित होंगे, जिन्होंने किसी कारणवश लंबे समय से रिचार्ज नहीं कराया और उनका नंबर निष्क्रिय होने की स्थिति में पहुंच गया है।

यह सुविधा मिलेगी प्लान में

प्रधान कार्यालय के जनसंपर्क अधिकारी गिरिराज पालीवाल ने बताया कि इस प्लान में उपभोक्ताओं को 90 दिनों की वैधता के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग, प्रतिदिन 100 एसएमएस और 5 जीबी हाई स्पीड इंटरनेट डाटा की सुविधा दी जा रही है।

इनके लिए फायदेमंद है योजना

योजना उन लाखों उपभोक्ताओं के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है, जो अपना पुराना नंबर दोबारा चालू करना चाहते हैं। बीएसएनएल भारत सरकार के स्वामित्व वाली प्रमुख दूरसंचार कंपनी है, जो राजस्थान सहित पूरे देश में संचार सेवाएं प्रदान करती है। राजस्थान जैसे विशाल और भौगोलिक रूप से विविध राज्य में BSNL की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है, खासकर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में जहां निजी कंपनियों की पहुंच सीमित है।

राजस्थान में बीएसएनएल लैंडलाइन, मोबाइल नेटवर्क, ब्रॉडबैंड और फाइबर इंटरनेट जैसी सेवाएं उपलब्ध कराता है। राज्य के कई गांवों और कस्बों में आज भी BSNL ही मुख्य संचार माध्यम है। हाल के वर्षों में बीएसएनएल ने अपनी सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए 4G नेटवर्क विस्तार और फाइबर कनेक्टिविटी पर विशेष जोर दिया है।

इनका कहना है…

उपभोक्ता अपने नजदीकी बीएसएनएल कार्यालय, रिटेलर या ग्राहक सेवा केंद्र पर ऑफर का लाभ ले सकते हैं। योजना उन ग्राहकों के लिए राहत लेकर आई है, जिनका नम्बर आधार, पैन कार्ड, बैंक खाते या अन्य जरूरी सेवाओं से जुड़ा हुआ है, वे समय पर रिचार्ज नहीं कर पाए थे। त्योहारों के सीजन में शुरू किया गया यह ऑफर उपभोक्ताओं को अपने पुराने नम्बर को बचाने का आसान विकल्प दे रहा है।

हरिप्रसाद मीणा, प्रधान महाप्रबंधक, बीएसएनएल उदयपुर

Updated on:
24 Mar 2026 12:31 pm
Published on:
24 Mar 2026 12:31 pm