उदयपुर

Udaipur: फ्रेंच युवती से रेप का आरोपी निकला कास्टिंग कंपनी का मालिक, पकड़ा गया तो बोला- मुझे हनीट्रैप में फंसाया जा रहा

French Girl Rape Case: उदयपुर में शूट करने आई फ्रेंच युवती से बलात्कार के आरोपी को पुलिस ने वारदात के बाद 36 घंटे में चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कास्टिंग कंपनी का मालिक है।
2 min read
• •
Updated: 26 Jun 2025, 8:08 AM IST
foreign-woman-Rape-in-Rajasthan
पुलिस की गिरफ्त में रेप का आरोपी। फोटो: पत्रिका

French Girl Rape Case: उदयपुर। उदयपुर में शूट करने आई फ्रेंच युवती से बलात्कार के आरोपी को पुलिस ने वारदात के बाद 36 घंटे में चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कास्टिंग कंपनी का मालिक है। उसने बड़े स्टार की फिल्मों और एड की भी कास्टिंग की है। पुलिस ने आरोपी के किराये के फ्लैट और पार्टी स्थलों का निरीक्षण किया। प्रार्थिया की निशानदेही से मोतबिरों की उपस्थिति में चल फॉरेंसिक यूनिट को बुलाया व जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। इसके साथ ही पीड़िता के न्यायाधीश के समक्ष बयान भी करवाए गए हैं।

एसपी योगेश गोयल ने बताया कि कास्टिंग कॉल नाम से आरोपी पुष्पराज उर्फ सिद्धार्थ ओझा और उसके सहयोगियों की कंपनी है। इस कंपनी के माध्यम से ही युवती को हायर किया गया था। युवती 22 जून को मोबाइल एड शूट के लिए उदयपुर आई थी। इसी दिन पिछोला, सज्जनगढ़ फोर्ट और आस-पास के रेस्टोरेंट में शूटिंग की गई। इसके बाद रात को क्रू मेंबर्स ने टाइगर हिल स्थित द ग्रीक फॉर्म एंड रेस्ट्रो कैफे में पार्टी की।

पार्टी में ही सिद्धार्थ स्मोक के बहाने युवती को बाहर ले गया। ड्राइव करते हुए उसे न्यू भूपालपुरा ििस्थित फ्लैट में ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। सात दिन में पूरी जांच कर कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा। बताया गया कि युवती लंबे समय से दिल्ली में रह रही है। राजस्थान में पहले भी आ चुकी है। पुलिस ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले के बोरदा हाल न्यू अशोक विहार निवासी आरोपी सिद्धार्थ को पुलिस ने चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया।

पकड़ा गया तो आरोपी बोला- मुझे फंसाया जा रहा

आरोपी को जब पुलिस एसपी ऑफिस लाई तो वह जोर-जोर से चिल्लाते हुए बोला कि उसने बलात्कार नहीं किया है। उसे हनीट्रेप में फंसाया जा रहा है। उसने कहा कि वह बाहर का व्यक्ति है और कुछ लोग नहीं चाहते कि वह उदयपुर में काम करे। इसलिए उसे फंसाया गया है। इधर, पुलिस का दावा है कि आरोपी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है।

आरोपी को पीटने दौड़े कांग्रेस कार्यकर्ता

उदयपुर में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस आरोपी को लेकर एसपी ऑफिस पहुंची। वहां शहर कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद थे। ये लोग उसे मारने दौड़े। कुछ ने आरोपी का हाथ खींचा। पुलिस आरोपी को बचाते हुए अंदर ले गई। इसके बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं माने और गेट कूदकर एसपी के चैंबर तक पहुंच गए। एडिशनल एसपी उमेश ओझा और डीएसपी कैलाश चंद्र ने कांग्रेस कार्यकर्ता-पदाधिकारियों से समझाइश की।

यह है मामला

गौरतलब है कि सोमवार को फ्रेंच की महिला ने बड़गांव थाने में उपस्थित होकर बताया कि वह 22 जून को दिल्ली से बस द्वारा उदयपुर आई थी। रात को पार्टी में एक व्यक्ति आया और उसने सिगरेट पीने के लिए बुलाया। वह ड्राइव के बहाने उसके फ्लैट पर ले गया और उसके साथ बलात्कार किया।

Updated on:
26 Jun 2025, 8:08 AM IST
Published on: