
मो. इलियास/ उदयपुर . राजकीय पन्नाधाय जनाना चिकित्सालय में भर्ती छोटी बहन से मिलने आई महिला की डेढ़ वर्षीय मासूम को एक अन्य महिला उठाकर ले गई। अस्पताल परिसर से बच्ची के एकाएक गायब होने से हडक़ंप मच गया। सूचना पर देर रात पुलिस जाब्ता अस्पताल, सार्वजनिक स्थल पर बच्ची व आरोपित महिला को ढूंढता रहा। गुरूवार सुबह 11.30 बजे बच्ची को पुलिस ने महिला के साथ में फतहपुरा से बरामद किया। करीब 15 घंटे से मां से दूर रही मासूम की रोने-बिलखने से हालत खराब हो गई। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर बच्ची मां के सुपुर्द की। आरोपित महिला को पुलिस ने हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया।
तकडिय़ों का गुड़ा, पंचायत समिति मन्नीयाना, नाथद्वारा राजसमंद निवासी रामसिंह पुत्र गोवर्धनसिंह चूंडावत ने पुलिस को बताया कि उसकी छोटी बेटी रीना के नाथद्वारा में दो जुड़वां बच्चे हुए थे। कमजोर होने पर उन्हेें उदयपुर में जनाना चिकित्सालय में भर्ती करवाया था, इसमें भाई की मौत हो गई तथा बहन बाल आईसीयू में उपचाररत है। बाल चिकित्सालय के वार्ड नं 7 में भर्ती रीना की देखभाल के लिए उसकी बड़ी बहन रेखा कुंवर अपनी डेढ़ साल की बच्ची शिवानी को लेकर अस्पताल लाई थी। परिवादी का कहना है कि बुधवार रात 8 बजे उसकी दोहिती शिवानी वार्ड के बाहरी चौक में खेल रही थी, तब ही वहां बैठी एक महिला उसे उठाकर ले गई। एकाएक परिजनों को 15 मिनट बाद इसका पता चला। उन्होंने आसपास तलाशी की तो अज्ञात महिला द्वारा बच्ची को ले जाने की जानकारी सामने आई।
कलक्टर ने सुनी ग्रामीणो की समस्याएं, दिए निर्देश
गोगुन्दा. क्षेत्र के दादिया में मंगलवार रात्रि को जिला कलक्टर विष्णु चरण मल्लिक की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल हुई। जिसमें ग्रामीणों की अपेक्षा विभागीय अधिकारियों का जमावड़ा रहा। चौपाल में सुनवाई करते हुए जिला कलक्टर ने सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं की सफल क्रियान्वयन की जानकारी दी। विधायक प्रतापलाल गमेती ने उपखण्ड के सीएचसी में रोगियों को हो रही असुविधाओं कलक्टर को बताया। सीएचसी में 9 में से 3 चिकित्सकों के डेपुटेशन होने एक्स-रे रूम के बंद होने, आईसीयू सेवाओं के लिए स्वीकृत 18 लाख की राशि का उपयोग नहीं करने सहित कई समस्या बताई।