उदयपुर

CM Bhajanlal : ‘गहलोत जादूगर हैं, हेराफेरी अच्छी करते हैं’, उदयपुर में सीएम भजनलाल का सियासी तंज

CM Bhajanlal : सीएम भजनलाल शर्मा ने शनिवार को उदयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि गहलोत 'जादूगर' हैं और कांग्रेस के लोग भी कहते हैं कि वे 'हेराफेरी अच्छी करते हैं'।
2 min read
CM Bhajanlal political jibe in Udaipur Ashok Gehlot is magician he is good manipulation
Udaipur : राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा। फोटो पत्रिका

CM Bhajanlal : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को उदयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि गहलोत 'जादूगर' हैं और कांग्रेस के लोग भी कहते हैं कि वे 'हेराफेरी अच्छी करते हैं'। सीएम भजनलाल बोले - पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और प्रशासनिक अव्यवस्था का माहौल था, जबकि वर्तमान सरकार रोजगार, विकास और सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है।

सीएम भजनलाल ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय ट्रांसफरों और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार होता था तथा उस दौर के मंत्री और अधिकारी भ्रष्टाचार के मामलों में जेल तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज भ्रष्टाचार करने वाले जेल में हैं, जबकि उनकी सरकार युवाओं को रोजगार और प्रदेश को विकास दे रही है।

सीएम भजनलाल शर्मा ने अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि गहलोत सरकार के समय राजस्थान रोडवेज के कर्मचारियों को 8 से 9 माह तक वेतन नहीं मिल पाता था, जबकि वर्तमान सरकार में कर्मचारियों को समय पर वेतन और पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।

ढाई वर्षों में 1.78 लाख युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, दावा

सीएम भजनलाल शर्मा ने दावा किया कि ढाई वर्षों में 1.78 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए हैं और भर्ती प्रक्रियाएं लगातार जारी हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री से सवाल किया कि उन्होंने समान अवधि में कितनी नियुक्तियां दी थीं… बताएं।

पहले अपनी पार्टी के नेताओं के सवालों का जवाब दें गहलोत

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को पहले अपनी ही पार्टी के नेताओं की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देना चाहिए, लेकिन वे जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।

Udaipur : उदयपुर में 77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री व अन्य। फोटो पत्रिका

सीएम भजनलाल ने ड्रोन उड़ाकर देखा झीलों का नजारा

इससे पहले मुख्यमंत्री ने पिछोला झील के किनारे स्थित कालका माता नर्सरी में 77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ चंदन का पौधा लगाकर किया। इस मौके पर उन्होंने चंदन वन की स्थापना की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने पंच गौरव आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा ड्रोन उड़ाकर पिछोला झील और आसपास के वन क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण भी किया।

समारोह में वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, सलूम्बर विधायक शांता देवी, निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे।

Updated on:
01 Aug 2026 09:23 pm
Published on:
01 Aug 2026 09:22 pm