
उदयपुर। होटल एसोसिएशन उदयपुर ने उदयपुर की पर्यटन जरूरतों को देखते हुए नई ट्रेनों के संचालन और मौजूदा ट्रेनों की कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग की है। दिल्ली के लिए नई वंदेभारत ट्रेन सहित उदयपुर से चार ट्रेन चलाने की मांग की है। एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि उदयपुर में देशभर से पर्यटक आते हैं। इसे ध्यान में रख एसोसिएशन ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर चार प्रमुख रेल कनेक्टिविटी की मांग की है।
एसोसिएशन का कहना है कि इन ट्रेनों की उदयपुर तक कनेक्टिविटी होने से पर्यटन को नए आयाम मिलेंगे। स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और मजदूर वर्ग को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। इससे रेलवे का राजस्व बढ़ने के साथ व्यापारिक समरसता और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी ।
रेलवे सलाहकार समिति सदस्य ओम पालीवाल ने कहा कि इन ट्रेनों से उदयपुर की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। होटल एसोसिएशन वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव कोठारी, उपाध्यक्ष उषा शर्मा, सचिव विकास पोरवाल, कोषाध्यक्ष जोय सुवालका सहित विभिन्न पदाधिकारियों ने उपरोक्त ट्रेनों को अति शीघ्र शुरू करने की मांग की है।