
अमृत भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन। पत्रिका फाइल फोटो
जयपुर। राजस्थान के पश्चिमी हिस्से को देश की राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाली सबसे लोकप्रिय ट्रेन 'मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस' अब नए रूप में नजर आएगी। रेलवे जोधपुर से वाया जयपुर होकर दिल्ली के बीच चल रही मंडोर एक्सप्रेस के मौजूदा रैक की जगह अमृत भारत का नया रैक लगाने की तैयारी कर रहा है। नए रैक में एसी और नॉन एसी कोच के साथ कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। खास बात यह है कि नए रैक के साथ मंडोर प्रदेश की पहली एसी अमृत भारत एक्सप्रेस होगी। रेलवे अधिकारी के अनुसार, नया रैक अगले महीने जोधपुर आएगा।
जोधपुर से अमृत भारत ट्रेन चलाने की तैयारी पिछले कुछ महीनों से चल रही थी। इसके लिए कुछ दिन पहले अमृत भारत का एसी रैक जोधपुर पहुंचा था। इसे जोधपुर-मऊ ट्रेन में लगाने की कवायद थी, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब सामने आया है कि शुक्रवार सुबह यह रैक जोधपुर से दिल्ली भेज दिया गया। अब मंडोर के लिए नया रैक अगले महीने जोधपुर आएगा। इसके बाद मंडोर एक्सप्रेस का संचालन नए रैक से किया जाएगा।
पुश-पुल तकनीक: रैक में ट्रेन के आगे और पीछे इंजन होंगे। इससे ट्रेन तेजी से रफ्तार पकड़ सकेगी और यात्रा समय में कमी आने की उम्मीद है।
झटके कम होंगे: नए सेमी-कपलर डिजाइन से कोच के बीच झटके कम महसूस होंगे, जिससे सफर अधिक आरामदायक होगा।
एसी-नॉन एसी कोच: नए रैक में एसी थ्री टियर, एसी टू टियर और एसी फर्स्ट टियर के साथ स्लीपर और सामान्य कोच भी होंगे।
सीसीटीवी और टॉक-बैक सिस्टम: हर सीट पर मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, होल्डर और फोल्डेबल स्नैक टेबल होगी। कोच में एलईडी लाइटिंग, स्मार्ट वॉशरूम, टच-फ्री नल और बायो-टॉयलेट होंगे। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और आपातकालीन टॉक-बैक सिस्टम लगाया जाएगा। डिजिटल यात्री सूचना प्रदर्शन पर ट्रेन की गति और अगले स्टेशन की जानकारी मिलेगी।
रेलवे ने आठ जोड़ी ट्रेनों में कोच बढ़ाने और बदलाव का निर्णय लिया है। अक्टूबर से अलग-अलग तारीखों में नई व्यवस्था लागू होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अजमेर-एर्नाकुलम, अजमेर-दादर, उदयपुर सिटी-कामाख्या, श्रीगंगानगर-दादर, जयपुर-चेन्नई सेंट्रल, जयपुर-कोयम्बटूर, जयपुर-बांद्रा टर्मिनस और जयपुर-गोमतीनगर ट्रेनों में कोच जोड़े जाएंगे। इन ट्रेनों में सेकंड एसी, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल होंगे। सभी ट्रेनों में कुल 22 डिब्बे होंगे।
Updated on:
29 Aug 2026 10:06 am
Published on:
29 Aug 2026 09:39 am
