
झाड़ोल. विधानसभा चुनाव पहले झाड़ोल विधान सभा क्षेत्र में ब्लॉक कांगे्रस अध्यक्ष नियुक्ति होने पर ही बगावती सुर दिखने लगे हैं। कई वरिष्ठों नेताओं को किनारे कर मौका देने पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। ऐसे में ब्लॉक अध्यक्ष की अगवानी में ऐसे कार्यकर्ताओं की मौजूदगी नहीं रही। कुछ समारोह में पहुंचे तो विरोध करने से नहीं चूके।
नवनिुयक्त ब्लॉक कांगे्रस अध्यक्ष नारायण जन्नावत का स्वागत समारोह सोमवार को आयोजित हुआ। जिसमें कांगे्रस के कई अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल नहीं हुए। कईयों ने तो उन्हें सूचना तक नहीं होना बताया तो कई जनों ने अनुभवहीन ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त कर देने से कार्यक्रम में शरीक नहीं होना बताया।
उल्लेखनीय है कि ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर 9 माह पूर्व डाक बंगला परिसर में पर्यवेक्षक के सामने 5 जनों ने दावेदारी की थी, जिसमें अध्यक्ष चुने गए जन्नावत के अलावा अमरसिंह झाला, ललित शर्मा, रणजीत जैन, दशरथसिंह पंवार ने भी दावेदारी पेश की थी।
READ MORE: UDAIPUR PRIDE: IIMU उदयपुर के छात्र को मिला प्रति वर्ष 53 लाख का पैकेज, जानें और कितने छात्रों को कितने लाख का पैकेज मिला है
करवाया था समझौता
वर्ष 2013 में प्रदेश के शीर्ष नेताओं की ओर से जयपुर में दोनों गुटों के बीच समझौता कराने के बाद कांगे्रस का बागी चुनाव में नहीं खड़ा हुआ। कांगे्रस ने मोदी लहर के बावजूद जीत हासिल की। पिछले दो सालों से पुन: झाड़ोल में कांगे्रस दो धड़ों में बंटती दिख रही है। जिसका उदाहरण कांगे्रस के ब्लॉक अध्यक्ष मनोनयन के दौरान सामने आया है।
जीत के लिए नेतृत्व परिवर्तन जरुरी, भीण्डर ब्लॉक अध्यक्ष मेनारिया ने कहा, स्वागत में दिख रही गुटबाजी
भीण्डर. कांग्रेस संगठन में हुई ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद वल्लभनगर विधानसभा के कांग्रेस खेमे में अलग नजारा देखने को मिल रहा है। ब्लॉक अध्यक्षों के स्वागत में भी गुटबाजी दिख रही है, वहीं नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष भी खुलकर परिवर्तन की बातें कर रहे हैं। नवनियुक्त भीण्डर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सूरजमल मेनारिया का मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवेन्द्रसिंह शक्तावत के नेतृत्व में स्वागत समारोह हुआ।
ब्लॉक अध्यक्ष मेनारिया ने डॉ. सीपी. जोशी, प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट , पूर्व पालिकाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह शक्तावत का आभार व्यक्त करते हुए जिम्मेदारी के लिए धन्यवाद दिया। मेनारिया ने कहा कि वल्लभनगर विधानसभा में कांग्रेस का नेतृत्व परिवर्तन करते हुए ही पार्टी में मजबूती व आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल की जा सकती है। इसके लिए जल्द ही ब्लॉक कांग्रेस की कमेटी की कार्यकारिणी का गठन करके पार्टी की मजबूती के लिए काम शुरू कर देंगे। इस अवसर पर कुबेरसिंह चावड़ा, पार्षद नारायण व्यास, पूर्व पार्षद लोकेन्द्रसिंह चावड़ा, पूर्व अमरपुरा खालसा सरपंच अशोक जैन मौजूद थे। पूर्व विधायक गजेन्द्रसिंह शक्तावत सहित उनके खेमे से कोई भी कांग्रेस नेता मौजूद नहीं था।
स्वागत समारोह के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष मेनारिया का वल्लभनगर विधानसभा में नेतृत्व परिवर्तन करके ही पार्टी की मजबूती व जीत की बात पूर्व विधायक गजेन्द्रसिंह शक्तावत को लेकर कही गई है। यह खेमा गजेन्द्रसिंह का विरोधी माना जाता रहा है। इस खेमे से पूर्व पालिकाध्यक्ष देवेन्द्रसिंह शक्तावत को आगे किया जा रहा है। ताकि आगे चलकर देवेन्द्रसिंह को नेतृत्व मिलने पर भी गजेन्द्रसिंह विरोध नहीं कर सके।
इनका कहना...
जो कभी वार्ड पंच का चुनाव नहीं जीत सकता, कांगे्रस की रीति-नीति नहीं जानता। अन्य व्यक्तियों के सहारे चलने वाले व्यक्ति को कठपुतली की तरह इस्तेमाल करने के लिए ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांगे्रस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को गला गोंटा गया हैं। कई कार्यकर्ता दावेदार थे, जिन्हें नजरअदंाज किया गया। इसके परिणाम सामने आएंगे।
प्रवीण सरणोत, निर्वतमान अध्यक्ष व उपप्रधान, झाड़ोल
बीस साल से हमारी ओर से संगठन का काम करते हुए कॉलेज स्तर, पंचायत स्तर, विधानसभा स्तर के चुनाव में भरपूर सहयोग किया जा रहा है। विद्यार्थी जीवन से लेकर, युवक कांगे्रस के कई पदों पर रहते हुए पार्टी की सेवा की है। फिर भी दरकिनार कर अयोग्य को ब्लॉक अध्यक्ष बना देने से हमारा मनोबल गिरा है।
डॉ. रणजीत जैन, उपाध्यक्ष, लोकसभा युकां, उदयपुर
मुझे स्वागत समारोह की सूचना नहीं थी। किसी वरिष्ठ को अध्यक्ष बनाते तो अच्छा होता। एक तरफ भाजपा के तीन मण्डल अध्यक्ष, कांगे्रस का सिर्फ ब्लॉक अध्यक्ष, वो भी अनुभवहीन। कैसे जीता जाएगा।
प्रकाश नागदा, अध्यक्ष, लेम्पस बाघपुरा
ब्लॉक कांगे्रस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कार्यकर्ताओं में गलत सन्देश गया है। कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। हाई कमान का फैसला उचित नहीं लगता।
चुन्नीलाल सांखला, कोषाध्यक्ष, देहात कांगे्रस कमेटी
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को दरकिनार करके ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी हित में उचित नहीं है। मैं भी ब्लॉक अध्यक्ष का दावेदार था, मेरी योग्यता अनुसार मैंने दावेदारी की थी। हाई कमान ने उस पर सुनवाई नहीं कर मुझे नजरअदांज किया।
ललित शर्मा, अध्यक्ष, क्रय विक्रय सहकारी समिति