
सहेलियों की बाड़ी मार्ग, चेतक सर्कल पर की गई सजावट
उदयपुर. पांच दिवसीय दीपोत्सव से ठीक पहले रविवार को आए रवि पुष्य नक्षत्र के दुर्लभ और अत्यंत शुभ संयोग ने झीलों की नगरी के बाजारों को धन-धान्य से सराबोर कर दिया। बापू बाजार, देहली गेट, सूरजपोल से लेकर पंचवटी और शोभागपुरा तक के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में सुबह से लेकर देर रात तक बड़ी संख्या में ग्राहक उमड़े। शुभ मुहूर्त, महीने की शुरुआत में वेतन-बोनस चक्र और रविवार की छुट्टी के त्रिवेणी योग के कारण लेकसिटी में करीब 175 करोड़ रुपए से अधिक का रेकॉर्ड कारोबार दर्ज किया गया, जो गत वर्ष की तुलना में करीब 20 से 25 फीसदी अधिक है। इस महामुहूर्त ने त्योहारी अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार दे दी है।
ऑटोमोबाइल: 60 करोड़, ईवी और एसयूवी सेगमेंट ने पकड़ी रफ्तार
ऑटोमोबाइल सेक्टर में सबसे बड़ा बूम देखने को मिला, जहां करीब 55 से 60 करोड़ रुपए का व्यवसाय हुआ। शहर के विभिन्न शोरूमों से 1100 से अधिक दोपहिया वाहनों और लगभग 350 से ज्यादा चौपहिया वाहनों की डिलीवरी हुई। इनमें ईवी और कॉम्पैक्ट एसयूवी की मांग सबसे ज्यादा रही। कई शोरूमों में पहले से बुक कराए गए वाहनों की चाबियां लेने के लिए परिवारों का तांता लगा रहा।
सर्राफा: 55 करोड़, गिरे दाम तो बढ़ी खरीदी
सोने-चांदी के भावों में आए ठहराव और विश्वास के कारण सर्राफा बाजार में रौनक देखते ही बनती थी। दिनभर में 50 से 55 करोड़ रुपए के आभूषणों, सोने-चांदी के सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की बिक्री हुई। महिलाओं में आधुनिक और लाइटवेट डिजाइन वाली ज्वैलरी का विशेष क्रेज रहा, वहीं निवेशकों ने बुलियन और सिक्कों को प्राथमिकता दी।
इलेक्ट्रॉनिक्स व रियल एस्टेट: 60 करोड़ का संयुक्त उठाव
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में आकर्षक ईएमआई और त्योहारी ऑफर्स के दम पर करीब 30 करोड़ का व्यापार हुआ। बड़ी स्क्रीन वाले स्मार्ट टीवी, डबल डोर फ्रिज और वॉशिंग मशीन के अलावा स्मार्टफोन और लैपटॉप युवाओं की पहली पसंद रहे। वहीं, रियल एस्टेट सेक्टर में शुभ मुहूर्त पर कई नए प्रोजेक्ट्स की फ्लैट व प्लॉट बुकिंग कराई गईं, जिससे बाजार में 30 करोड़ रुपए से अधिक की तरलता दर्ज की गई।
कारोबार का सेगमेंट-वार विश्लेषण
ऑटोमोबाइल: 55 से 60 करोड़ (1100 से ज्यादा टू-व्हीलर, 350 से ज्यादा फोर-व्हीलर)
सर्राफा बाजार: 50 से 55 करोड़ (आभूषण, पारंपरिक सिक्के व मूर्तियां)
इलेक्ट्रॉनिक्स व गैजेट्स: 28 से 30 करोड़ (स्मार्ट टीवी, फ्रिज, मोबाइल आदि)
रियल एस्टेट व अन्य: 25 से 30 करोड़ (प्रॉपर्टी बुकिंग, बर्तन, बहीखाता व सजावट)
कुल अनुमानित कारोबार: 175 करोड़ से अधिक (25 फीसदी तक की मजबूत वृद्धि)
2025 में पुष्य नक्षत्र पर 125 करोड़ का बाजार (अनुमानित)
ऑटोमोबाइल: 45 से 50 करोड़
सर्राफा: 40 से 45 करोड़
इलेक्ट्रॉनिक्स: 20 से 25 करोड़
रियल एस्टेट : 15 से 20 करोड़
गिरावट से बढ़ी सोने-चांदी की खरीद
देवउठनी एकादशी के बाद शादियों का मुहूर्त शुरू होते हैं। ऐसे में लोग दीपावली के बाद ही गहनों की खरीदारी करते हैं। लेकिन, सोने के भाव में गिरावट के कारण रवि पुष्य नक्षत्र पर लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी। लोगों का रुझान लाइटवेट ज्वैलरी की तरफ अधिक रहा। उन्होंने चांदी के गहने भी जमकर खरीदे।
महेंद्र सोजतिया, ज्वैलरी व्यवसायी
हाल ही सोने की रेट बेतहाशा गिरी है, इससे लोगों में इसकी खरीदारी को लेकर भारी उत्साह है। जिन घरों में शादियां है, वे एडवांस देकर बुकिंग करवा रहे हैं। वहीं कुछ लोग रेडिमेड गहनों की खरीदारी भी कर रहे हैं। रविवार को जिले में अच्छा कारोबार हुआ है। यह आने वाले समय के लिए सकारात्मक संकेत है।
यशवंत आंचलिया, अध्यक्ष, सर्राफा एसोसिएशन
रवि पुष्य नक्षत्र पर दो पहिया वाहनों की धनतेरस पर डिलीवरी लेने के लिए बुकिंग हुई है। इस दिन जिले में बड़ी संख्या में गाड़ियां बिकने का अनुमान है। पंचायत चुनाव के कारण ग्रामीण क्षेत्र के लोग फिलहाल खरीदारी टाल रहे हैं। संभवतया धनतेरस पर इससे भी ज्यादा बाजार में उठाव होता नजर आएगा।
सतपाल सिंह, दाेपहिया वाहन विक्रेता
पहले बुकिंग करवाने वाले ग्राहकों ने रवि पुष्य पर डिलीवरी ली। ईवी की मांग के अनुसार आपूर्ति नहीं होने से इनकी बिक्री 25 प्रतिशत के करीब हो रही है। वाहनों के फीचर्स पर विशेष ध्यान दिए जाने का चलन बढ़ता नजर आ रहा है। जिले में रविवार को 8 करोड़ से अधिक के दो पहिया वाहन बिके होंगे।
शब्बीर मुस्तफा, दोपहिया वाहन विक्रेता
Updated on:
2 Nov 2026, 5:56 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 5:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.