
Bरेलमगरा. Bकस्बे के राजकीय महाविद्यालय रेलमगरा में गुरुवार को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के तत्वावधान में "महिला साक्षरता एवं वित्तीय आत्मनिर्भरता" विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूक करने तथा उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी देना था। मुख्य वक्ता अनवर अली ने छात्राओं को वित्तीय साक्षरता का महत्व बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक महिला का आर्थिक रूप से जागरूक एवं आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं, बचत, निवेश, डिजिटल भुगतान, वित्तीय योजना और सरकारी योजनाओं की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय विद्यालयों से कक्षा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण कर स्नातक स्तर पर नियमित अध्ययन करने वाली पात्र छात्राओं को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। योजना के लिए 10 अगस्त से 31 अगस्त तक आवेदन किए जा सकेंगे। उन्होंने छात्राओं से समय पर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि गत शैक्षणिक सत्र में राजकीय महाविद्यालय रेलमगरा की 50 छात्राएं इस छात्रवृत्ति योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. योगेश चितारा ने कहा कि शिक्षित और आर्थिक रूप से सशक्त महिला ही परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत आधारशिला होती है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ वित्तीय ज्ञान अर्जित करने एवं योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।