
वैभवी राजोरा। फोटो: पत्रिका
उदयपुर। गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र की पैराडाइज लेक में तीन दिन पहले एक छात्रा डूब गई थी। मामले में परिजन ने अब एनसीसी शिक्षक पर अपहरण और हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। युवती के पिता ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी शिक्षक गोविंद शर्मा बेटी वैभवी राजोरा को बहला-फुसलाकर बिना आधिकारिक आदेश के पैराडाइज लेक में स्विमिंग कराने ले गया था। इस संबंध में आरोपी शिक्षक ने परिजन को सूचना भी नहीं दी।
स्विमिंग के लिए सुरक्षा उपकरण भी नहीं थे। तैरने के लिए बेटी को अकेले ही पानी में उतार दिया। लापरवाही के कारण वह डूब गई। बाद में बीएससी थर्ड ईयर में अध्ययनरत एनसीसी कैडेट वैभवी को शिक्षक एमबी हॉस्पिटल भी ले गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया था। छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि एनसीसी टीचर विजय शर्मा उसे स्वास्तिक गर्ल्स हॉस्टल से लेक पेरेडाइज में खदान में तैरने ले गया।
बच्ची के डूबने के बाद भी फोन नहीं किया। जब पिता ने फोन किया तो बताया कि पुत्री बीमार है और एमबी चिकित्सालय में है। इस पर परिजन चिकित्सालय पहुंचे तो वैभवी की मौत हो चुकी थी, उसका शव एमबी चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखा था। परिवार ने शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।
सूचना पर हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी एवं भूपालपुरा थानाधिकारी रतन सिंह मय टीम के मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। पिता ने पुत्री के साथ अनहोनी होने की आशंका व्यक्त की थी। हालांकि, अब बेटी का अपहरण करने और हत्या के मामले में केस दर्ज करवाया है।
मामले की जानकारी के बाद श्रीपंचमहासभा के तत्वावधान में तैलिक साहू समाज के लोग और परिजन गोवर्धन विलास थाने पहुंचे। जहां समाज के लोगों ने थाने के बाहर एकत्रित होकर गए। उन्होंने थानाधिकारी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं बीएन के प्रेसिडेंट चेतन सिंह चौहान ने मामले से अनभिज्ञता जताई। बता दें कि मीरा चौक मंडफिया निवासी वैभवी राजोरा (19) पुत्री भैरूलाल तेली बीएन कॉलेज में तृतीय वर्ष बीएससी की छात्रा थी। उसकी गोवर्धन विलास क्षेत्र स्थित लेक पेरेडाइज में भरे पानी के खदान में डूबने से मौत हो गई थी।
Updated on:
23 Sept 2026 02:13 pm
Published on:
23 Sept 2026 02:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
