
उदयपुर . प्रदेश में अब तक करीब डेढ़ सौ जिंदगियां लील चुके स्वाइन फ्लू वायरस से निपटना चिकित्सा विभाग के बूते से बाहर होता जा रहा है। इस साल अब तक लिए गए करीब साढ़े 5 हजार नमूनों में हर तीसरा रोगी यानि 1880 मरीज स्वाइन फ्लू पॉजिटिव सामने आए हैं। बावजूद इसके वायरस की पहचान करने वाले चिकित्सा संसाधनों की कमी को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। संभाग मुख्यालय उदयपुर स्थित रवींद्रनाथ टैगोर राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय की हकीकत चौंकाने वाली है।
सरकारी स्तर पर संभाग में एक मात्र संचालित लैब में रोग को पहचानने के लिए केवल एक (पीसीआर) मशीन की सुविधा है। जिसकी प्रतिदिन जांच क्षमता केवल 24 है। ऐसे में संभाग के बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, चित्तौडगढ़़, राजसमंद, डूंगरपुर एवं मध्य प्रदेश के समीपवर्ती जिलों से आने वाले रोगियों की यहां उसी दिन जांच नहीं हो पाती है। कार्यालय समय में खुली रहने वाली लैब में निर्धारित नमूनों की ही जांच हो पाती है। बाकी के रोगियों की जांच रिपोर्ट अगले दिन खुलने वाली लैब व्यवस्था पर निर्भर करता है। ऐसे में मरीज को तत्काल राहत पहुंचाने वाले दावे जमीनी धराताल पर कारगर नहीं हो पा रहे हैं। गौरतलब है कि उदयपुर में अब तक 600 से अधिक हुई नमूना जांचों में 145 रोगी पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 7 मरीजों की मौत दर्ज की गई है। इसी तरह अन्य जिलों के मरीजों को मिलाकर पॉजिटिव रोगियों का आंकड़ा 280 के पार हो चुका है।
2 बजते ही ताले
मेडिकल कॉलेज की पीसीआर (पॉलीमरीज चैन रिएक्शन) मशीन में एक बार में 12 नमूने जांचने की क्षमता है। दो चरणों में चलने वाली मशीन 12 नमूनों की जांच में करीब 6 घंटे का समय लेती है। इसी प्रकार मशीन का दूसरा हिस्सा फिर से 6 घंटे में 12 नमूने जांच रिपोर्ट देता है। मशीन चेन रिएक्शन नमूने को एनलार्ज कर रिपोर्ट देती है। इधर, हकीकत यह है कि मशीन का संचालन कार्यालय समय के हिसाब से दोपहर 2 बजे तक ही होता है। इसके बाद लैब में ताला जड़ जाता है। इस समयावधि के बाद आने वाले मरीजों के वार्ड में नमूने नहीं लिए जाते। बल्कि मरीजों को अगले दिन के लिए टाल दिया जाता है। पहले आओ और पहले पाओ की प्रक्रिया में सुबह पहले आने वाले मरीजों के नमूने लिए जाते हैं।
लैब की पीसीआर मशीन एक दिन में २४ नमूनों का परिणाम दे सकती है। अधिक संचालन से मशीन पर संकट रहता है। जांच और गंभीर रोगियों को लक्षणों के हिसाब से उपचार देते हैं।
डॉ. विनय जोशी, अधीक्षक, महाराणा भूपाल चिकित्सालय