उदयपुर पुलिस ने हैदराबाद से हाईप्रोफाइल चोर मोहम्मद सलीम कुरैशी उर्फ मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी छोटा राजन गैंग का पूर्व गुर्गा रह चुका है और देशभर में 250 से ज्यादा चोरियां कर चुका है। वह फ्लाइट से शहरों में जाकर फ्लैट्स की रैकी कर चोरी करता था।
उदयपुर. सुखेर थाना पुलिस ने चोरी के मामले में एक बदमाश को हैदराबाद से पकड़ा है। खास बात ये कि यह कोई मामूली उचक्का नहीं, बल्कि हाईप्रोफाइल चोर है, जो चोरी के लिए एक शहर से दूसरे शहर में फ्लाइट से आता जाता है। बदमाश उदयपुर, जयपुर सहित देशभर के बड़े शहरों में 250 से ज्यादा चोरियां कर चुका है। यही नहीं बदमाश छोटा राजन गैंग का गुर्गा रह चुका है।
मधुवन अपार्टमेंट में शादी के दौरान किया हाथ साफ
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि सुखेर थाना क्षेत्र में रूप मधुवन अपार्टमेंट के फ्लैट में दिसम्बर 2025 में हुई चोरी के आरोप में हैदराबाद निवासी मोहम्मद सलीम कुरैशी उर्फ मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया। बताया कि आरोपी पिछले साल एक शादी समारोह में उदयपुर आया था। इस दौरान उसने आसपास घूमकर रैकी की और रूप मधुवन अपार्टमेंट में चोरी की साजिश रच ली। शादी के बाद एक बार तो वह हैदराबाद लौट गया। लेकिन, कुछ दिन बाद ही फ्लाइट से उदयपुर आया। रूप मधुवन अपार्टमेंट में सुरक्षा बंदोबस्त ज्यादा मजबूत नहीं थे, इसलिए वारदात में सफल रहा। आरोपी ने करीब 15 तोला सोने के जेवर चुराए और फ्लाइट से हैदराबाद लौट गया, जहां जेवर बेच दिए। पुलिस ने हैदराबाद से करीब 8 तोला जेवर बरामद कर लिए हैं।
चोरी के बाद फ्लाइट से लौट जाता
खास बात ये कि बदमाश चोरी के लिए उन्हीं शहरों में जाता है, जहां फ्लाइट से पहुंचा जा सके। फ्लाइट से पहुंचता है और चोरी के बाद फ्लाइट से लौट जाता है। अब तक देशभर में की गई वारदातों का रिकॉर्ड खंगालने पर उन्हीं शहरों की सूची सामने आई है, जहां फ्लाइट कनेक्टिविटी है।
अंडरवर्ल्ड से अलग होकर बना चोर
आरोपी कई सालों पहले अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन गैंग का गुर्गा रह चुका है। फिर अचानक गैंग से अलग होकर खुद के लिए काम करने की सोची और हाईप्रोफाइल चोर बन गया। खास बात ये भी है कि उसकी अब तक भी वारदात में सबसे ज्यादा फ्लैट में ही चोरियां करना रही है।
प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया
आंध्रप्रदेश के काकीनाड़ा थाना पुलिस ने चोरी के मामले में पिछले दिनों आरोपी को गिरफ्तार किया था। वहां पूछताछ में उदयपुर में वारदात करना बताया। इसकी सूचना पर सुखेर थाना पुलिस आंध्रप्रदेश पहुंची और आरोपी को प्रोडक्शन वारंट से गिरफ्तार कर उदयपुर लाई है।