उदयपुर

उदयपुर के इस विवि में दो बार होगा केन्द्रीय छात्रसंघ का उद्घाटन, पहला 25 को, दूसरा 2 से 8 के बीच

सुविवि केन्द्रीय छात्रसंघ : खींचतान और अपने नेता-पदाधिकारियों को बुलाने की जिद में नियम पस्त...
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2017, 6:01 PM IST
mlsu

उदयपुर . मोहनलाल सुखाडिय़ा विश्वविद्यालय केन्द्रीय छात्रसंघ में दो संगठनों के प्रतिनिधियों ने छात्रसंघ कार्यालय का उद्घाटन समारोह अलग-अलग दिन तय किया है। खींचतान और वर्चस्व की लड़ाई में लम्बे समय से अटका यह उद्घाटन तो होगा, लेकिन कायदे हवा होने के बाद।


सरकार ने छात्रसंघ कार्यालय उद्घाटन के लिए दो माह दिए थे। इसके अनुसार 4 नवम्बर तक यह काम हो जाना था। छात्रसंघ संविधान के अनुसार केन्द्रीय छात्रसंघ कार्यकारिणी का एक ही उद्घाटन कार्यक्रम करना होता है, लेकिन इस बार स्थिति उलट है। सरकार ने कार्यकारिणी को एक माह ज्यादा दिया, फिर भी उद्घाटन पर एबीवीपी व एनएसयूआई में सहमति नहीं बन पाने से मामला अटका रह गया। दोनों संगठन कार्यालय उद्घाटन के लिए अपने-अपने पार्टी व संगठन पदाधिकारियों को बुलाना चाहते थे। एबीवीपी की ओर से 25 नवम्बर को होने वाले उद्घाटन में एबीवीपी के प्रदेश संगठन मंत्री चन्द्रशेखर व उत्तर-पश्चिम क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुरेन्द्र नाइक अतिथि होंगे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. जेपी शर्मा करेंगे। एनएसयूआई की ओर से होने वाले कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट के बतौर मुख्य अतिथि आने की चर्चा है। इधर, कुलपति प्रो. जे.पी. शर्मा ने बताया कि दोनों संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच विरोध को देखते हुए एनएसयूआई को अलग उद्घाटन की अनुमति दी है। प्रतिनिधियों को नियमानुसार एक ही कार्यक्रम करने को कहा था, लेकिन नहीं मान रहे।


एनएसयूआई का विरोध
एबीवीपी से जीते केन्द्रीय छात्रसंघ अध्यक्ष भवानीशंकर बोरीवाल के 25 नवम्बर को कार्यालय उद्घाटन की घोषणा के बाद एनएसयूआई ने विरोध शुरू कर दिया। बुधवार को प्रशासनिक भवन के बाहर प्रदर्शन कर कुलपति को ज्ञापन भी दिया। विरोध देख कुलपति ने एनएसयूआई से जीते केन्द्रीय महासचिव शिव जाट व संयुक्त सचिव भारती कंवर राठौड़ को अलग से उद्घाटन की अनुमति दी। एनएसयूआई अब 2 से 8 दिसम्बर के बीच उद्घाटन करेगी। ज्ञापन देने वालों में रोहित पालीवाल, अंकित जाट, यशवन्त मेनारिया, मयूर दवे, पंकज मेघवाल, पुष्कर प्रजापत, संदीप धाकड़, गौरव शर्मा आदि शामिल थे।

एक साथ कार्यालय उद्घाटन करवाने को लेकर हमें कोई आपत्ति नहीं हैं। हमने उनसे बात की थी, लेकिन वे अलग कार्यक्रम करवाना चाहते थे। सभागार व छात्रसंघ कार्यालय सही नहीं होने से भी उद्घाटन में देरी हुई।

-भवानीशंकर बोरीवाल, अध्यक्ष, केन्द्रीय छात्रसंघ, सुविवि

Published on: