उदयपुर

विधिक जागरूकता शिविर में विद्यार्थियों को बताए अधिकार और सुरक्षा के उपाय

Aug 05, 2026
Rajasthan

भीम. बदनौर चौराहा स्थित श्रीजी पब्लिक सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को तालुका विधिक सेवा समिति भीम के अध्यक्ष, वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भीम मनीवालिया की अध्यक्षता में ट्रांसफोर्मेटिव ट्यूसडे अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मनीवालिया ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी साक्षरता बढ़ाना और उन्हें सामाजिक व विधिक मामलों के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने बताया कि राजकीय व निजी विद्यालयों में जूनियर लिगल लिटरेसी क्लब स्थापित किए जा रहे हैं, जिसमें प्रधानाध्यापक, एक वरिष्ठ शिक्षक (महिला को प्राथमिकता) और दो विद्यार्थी शामिल होंगे। साथ ही विद्यालयों में ‘‘कोर्ट वाली दीदी’’ नाम से शिकायत एवं सुझाव पेटी लगाई जा रही है, जिसमें विद्यार्थी गोपनीय रूप से अपनी समस्याएं बता सकेंगे।उन्होंने बच्चों को अच्छे-बुरे स्पर्श, शोषण से बचाव, दुर्व्यवहार के प्रकार और उससे मुकाबले के तरीकों की जानकारी दी। बताया कि रालसा द्वारा पीड़ितों को निःशुल्क विधिक सहायता व मुआवजा उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने पोक्सो एक्ट-2012 और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट-2015 की जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय निदेशक सनोज तोमर, सचिव तालुका विधिक सेवा समिति भीम सत्यप्रकाश त्रिपाठी, शिक्षक कुलदीप, मनीष, ज्योति, प्रियंका, सोहनसिंह सहित अध्यापक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Updated on:
05 Aug 2026 06:00 am
Published on:
05 Aug 2026 06:00 am