उदयपुर

Sajjangarh Biological Park: उदयपुर की लॉयन सफारी में शेरनी को हुआ 106 डिग्री बुखार, कई दिनों से नहीं खाया खाना

Udaipur Lion Safari: उदयपुर के सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में मादा शेरनी सुनैना की तबीयत बिगड़ने से वन विभाग सतर्क हो गया है। तेज बुखार और भोजन नहीं करने के बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उसका उपचार कर रही है।
2 min read
May 29, 2026
Sajjangarh Biological Park Lioness
मादा शेरनी सुनैना। फोटो- पत्रिका

उदयपुर। सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क की लॉयन सफारी में रह रही मादा एशियाटिक लॉयन सुनैना पिछले तीन दिन से बीमार चल रही है। लगातार भोजन नहीं करने, सुस्त रहने और असामान्य व्यवहार दिखाने के बाद वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु व्यास की निगरानी में शेरनी का लगातार उपचार किया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उसकी गतिविधियों, खानपान और स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग कर रही है। पार्क प्रशासन का कहना है कि सुनैना की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है, लेकिन उसे अभी विशेष निगरानी में रखा गया है।

यह वीडियो भी देखें

अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार 23 मई को नियमित प्राणी जांच के दौरान सुनैना ने दिया गया आहार नहीं खाया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। अगले दिन 24 मई को उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में उसकी हृदय गति और श्वसन दर सामान्य से अलग पाई गई। शरीर का तापमान 106.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी अधिक था। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने तुरंत उसे स्क्वीज केज में लेकर फ्लूड चढ़ाया। साथ ही बुखार कम करने के लिए एंटीपायरेटिक इंजेक्शन, एंटीबायोटिक, एंटासिड और मल्टीविटामिन दिए गए। उपचार के बाद उसका तापमान सामान्य हो गया और चिकित्सकों ने राहत की सांस ली।

खाने से बनाई दूरी, सिर्फ सूप चाटा

उदयपुर वन विभाग की ओर से सुनैना को मांस के साथ चिकन और चिकन सूप भी दिया गया, लेकिन 25 मई को उसने केवल सूप को एक-दो बार चाटा और भोजन नहीं किया। इससे चिकित्सकों की चिंता और बढ़ गई। दोबारा स्वास्थ्य परीक्षण में उसका तापमान 100.8 डिग्री फॉरेनहाइट पाया गया, जो सामान्य सीमा में था। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर दवाइयां जारी रखी गईं। चिकित्सकों ने उसके खानपान और व्यवहार पर लगातार नजर बनाए रखी हुई है।

टीम की निगरानी लगातार जारी

26 मई को भी सुनैना ने भोजन नहीं किया और सामान्य से अधिक चिड़चिड़ा व्यवहार दिखाया। काफी प्रयास के बाद उसे फिर स्क्वीज केज में लेकर जांच की गई। तापमान सामान्य मिलने के बाद भी उपचार जारी रखा गया है। पार्क प्रशासन ने गर्मी को देखते हुए वन्यजीवों के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि विशेषज्ञों की पूरी टीम यह प्रयास कर रही है कि सुनैना जल्द स्वस्थ होकर सामान्य रूप से भोजन लेना शुरू करे। फिलहाल डॉक्टर उसकी स्थिति पर पल-पल नजर बनाए हुए हैं।

Updated on:
29 May 2026 05:32 pm
Published on:
29 May 2026 05:24 pm