
मो. इलियास/उदयपुर . नाई थाना क्षेत्र के पई गांव में रविवार रात को रंजिश के चलते युवक की हत्या कर दी। आरोपी ने युवक को पहले दस फीट ऊंचाई से धकेला, बाद में उसके ही शर्ट की बांह से गला घोंटते हुए गर्दन मरोड़ कर तोड़ दी। सोमवार सुबह खेत में शव पड़ा मिलने पर ग्रामीणों को इसका पता चला। आरोपी अभी फरार है, पुलिस ने उसके विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि पई निवासी लक्ष्मण (35) पुत्र भैरा गमेती की गांव के ही पे्रमा पुत्र होमा गमेती ने हत्या कर दी। सुबह खेत में शव पड़े होने की सूचना पर एसपी कुंवर राष्ट्रदीप, एएसपी ब्रजेश सोनी, उपाधीक्षक देवाराम चौधरी, नाई थानाधिकारी भगवतीलाल पालीवाल मौके पर पहुंचे। सूचना पर एफएसएल टीम प्रभारी अभयप्रताप सिंह व अशोक कुमार ने भी पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाएं। कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को एमबी चिकित्सालय पहुंचाया,जहां अपराह्न में पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के सुपुर्द किया गया।
आरोपी व मृतक ने रात को अलग-अलग की पार्टी
मृतक लक्ष्मण रविवार रात को अपने भतीजे मुकेश पुत्र तेजा व भाणेज शांतिलाल पुत्र धूला के साथ पास ही फले में किशन पुत्र लालू गमेती के घर खाना खाने गया था। रात को सभी ने वहां पार्टी की। नशे की हालत में लक्ष्मण पेशाब करने जाने की कहकर बाहर निकला मगर वह नहीं लौटा। इस बीच, करीब में लालू पुत्र होमा की झोपड़े में शराब की पार्टी चल रही थी। वहां पर लालू का भाई प्रेमा, पुष्कर व अन्य रिश्तेदार आए हुए थे। इस पार्टी में लालू व प्रेमा के बीच बकरे के पैसों की बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्सा खाकर प्रेमा वहां से अपने घर के लिए निकल गया लेकिन रास्ते में उसे लक्ष्मण मिल गया। उसे देखते ही वह गुस्सा हो गया और रंजिश के चलते झगडऩे लगा। किशन व लालू के घर में चल रही पार्टियों में मौजूद सभी नशे में इतने धुत्त हो गए जिससे उन्होंने पास ही हो रहे झगड़े पर ध्यान नहीं दिया। दोनों ही पक्ष लक्ष्मण व प्रेमा के घर पर जाना समझकर वहीं सो गए।
झगड़े के बाद लक्ष्मण खेत वाले रास्ते से अपने घर जा रहा था तभी आरोपी ने पीछा कर उसे धक्का देकर 10 फीट निचले खेत में गिरा दिया। वह संभल पाता, उससे पहले ही प्रेमा ने नीचे उतरकर उसके साथ मारपीट की। बाद में लक्ष्मण के ही शर्ट की एक बांह से उसका गला पर कसकर गांठ बांधते हुए गर्दन तोड़ दी। झगड़े में हो रहे हो-हल्ले को हर किसी ने सुना लेकिन कोई बाहर नहीं आया। इस बीच आरोपी वहां से भाग निकला। सुबह शांता पत्नी राजू गमेती अपने खेत पर पहुंची तो उसने लक्ष्मण का शव देखा। उसने उसके भाई तेजा को इसी जानकारी दी। कुछ ही देर में मौके पर सभी इकट्ठेे हो गए। तेजा ने अपने पुत्र मुकेश से पूछा तो उसने रात में लक्ष्मण के पार्टी में साथ होने व घर जाने की जानकारी दी।