
उदयपुर/ कानोड़. nagar palika news त्रिकोणीय मुकाबले में उलझे नगर पालिका कानोड़ के चुनाव की राह में राजनीतिक संगठनों को नित नई चुनौती मिल रही है। चुनाव से पहले कांटो भरे ताज तक पहुंचने के लिए राजनीतिक प्रतिनिधि एड़ी से चोटी तक का जोर लगा रहे हैं। इसके लिए व्यंग्य बाणों की बरसात का दौर शुरू हो गया है। दूसरी ओर स्थानीय जनता भाजपा, कांग्रेस और जनता सेना जैसे संगठनों की मौजूदगी को लेकर मंथन में लगी हुई है। चुनाव से पहले जनता की चुप्पी से जन्म रहे सवालों से राजनीतिक समीकरण गड़बड़ाते जा रहे हैं। देखना है कि जनता पालिका बोर्ड में पहले काबिज भाजपा का दामन संभालती है। या फिर पुराने इतिहास को दोहराते हुए प्रदेश में काबिज कांग्रेस का हाथ थामती है। जनता सेना के स्थानीय वर्चस्व को लेकर भी जनता 'किं कर्तव्य विमूूढ़Ó की समस्या से जूझ रही है। इधर, पालिका चुनाव से दो दिन पहले पालिका क्षेत्र में राजनीतिक दलों के धुरंधरों की हलचल तेज हो गई। इसी क्रम में बुधवार को कांग्रेस, भाजपा और जनता सेना की सभाओं में लोगों ने हिस्सा लिया। एक ओर विधानसभा प्रतिपक्ष नेता और भाजपा के कर्णधार ने कांग्रेस और जनता सेना पर निशाना साधा। वहीं पूर्व विधायक रणधीरसिंह भींडर ने जनता सेना के मंच से कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधा। दूसरी ओर चुनाव को लेकर प्रशासनिक अमला और निर्वाचन विभाग का दल सक्रिय नजर आया।
शब्दबाणों से साधा निशाना
शिवगंज बाजार में प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया ने आमसभा को संबोधित किया तो दूसरी ओर रणधीरसिंह ने गांधी चौक में लोगों के समक्ष विचार व्यक्त किए। खास तो यह देखने को मिला कि भाजपा के कार्यक्रम में कटारिया पहली बार पूर्व विधायक भींडर का नाम लिए बिना सारी बात कही और इशारों ही इशारों में लोगों को लोगों को सब बातें समझा दी। कटारिया ने शाम के समय सभा को संबोधित करते लोगों को विश्वास दिलाया कि भाजपा को बोर्ड बनता है तो विकास होगा। बिना नाम लिए उन्होंने पूर्व विधायक पर तंज कसा। ये चर्चा में भी रहा। निकाय चुनाव प्रभारी विधायक अर्जुनलाल जीनगर , सलुम्बर विधायक अमृतलाल मीणा , देहात जिलाध्यक्ष भवंर सिंह पंवार , नगर पालिका चेयरमेन अनिल शर्मा , उपाध्यक्ष दर्शन शर्मा , डेयरी चेयरमैन गीता पटेल, विधानसभा प्रभारी उदयलाल डांगी , मण्डल अध्यक्ष भगवती लाल शर्मा, जिला प्रभारी दिनेश जोशी , जिला प्रमुख शांति लाल मेघवाल एवं अन्य मौजूद थे।
यह भी नहीं चूके
रात 8 बजे गांधी चौक में पूर्व विधायक व जनता सेना सुप्रीमो रणधीर सिंह भीण्डर ने आमसभा करते हुए कटारिया पर खूब व्यंग्यबाण छोड़े। कहा कि कांग्रेस व भाजपा दोनों ही एक है। कल यह दोनों मिलकर बोर्ड बनाएंगे आपको वोट व्यर्थ जाएगा। इसलिए जनता सेना को वोट करो। कहा कि भाजपा व जनता सेना के नेता किस मुंह से तहसील का दर्जा दिलवाने की बात करेंगे। कानोड़ की जनता जानती है कि तहसील का दर्जा किसने दिलवाया। सभा को परसराम सोनी , रतनलाल लक्षकार , महामंत्री मुकेश चौबीसा, पारस नागौरी , भवानी सिंह चौहान , कोमल कारिया , राजकुमारी कामरिया एवं अन्य मौजूद थे। संचालन प्रभाशंकर शर्मा ने किया ।
लुभाने का दौर
चुनाव को लेकर भाजपा व जनता सेना में जहां सक्रियता दिखाई दी तो कांग्रेस पदाधिकारी भी मतदाताओं को लुभाते नजर आए। देहात जिला उपाध्यक्ष रूपलाल मीणा व लसाडिय़ा पूर्व सरपंच रूपलाल मीणा वार्ड संख्या 4 , 5 व 6 के आदिवासी मतदाताओं के बीच पहुंचे। लोगों को हाथ के साथ विकास के सपने दिखाए। nagar palika news इस मौके पर कांग्रेस नेता मनोज कोठारी, गोपाल सोनी सहित पदाधिकारी मौजूद रहे।