उदयपुर

उदयपुर में नेचर पार्क में कैम्पिंग साइट एवं कैफेटेरिया का उद्घाटन

कैम्पिंग साइट एवं कैफेटेरिया बनने से यह निकट भविष्य में विशेषकर विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनेगा
2 min read
• •
Updated: 14 Jul 2018, 3:36 PM IST
nature park
उदयपुर में नेचर पार्क में कैम्पिंग साइट एवं कैफेटेरिया का उद्घाटन

उदयपुर. बाघदर्रा नेचर पार्क शहर के सटा हुआ संरक्षित वन क्षेत्र होने से यहां पर पर्यटन विकास की काफी संभावना है। कैम्पिंग साइट एवं कैफेटेरिया बनने से यह निकट भविष्य में विशेषकर विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनेगा। पर्यटकों की यहां तक पहुंच के लिए यातायात सुविधा की आवश्यकता है। यह बात गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने शुक्रवार शाम को बाघदर्रा नेचर पार्क में ‘ग्रीनिंग उदयपुर’ कार्यक्रम में वृहद् पौधरोपण का शुभारंभ, नवनिर्मित कैम्पिंग साइट व कैफेटेरिया के उद्घाटन समारोह में कही। उन्होंने ग्रीनिंग उदयपुर कार्यक्रम को शहर के सौंदर्यीकरण के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस मौके पर कटारिया ने पार्क में करीब 10 फीट ऊंचाई का बरगद का पेड़ लगाया और बाघदर्रा नेचर पार्क से संबंधी जानकारी पर आधारित ब्रॉशर का विमोचन किया।
उपवन संरक्षक (वन्यजीव) ने बताया कि ग्रीनिंग उदयपुर कार्यक्रम के तहत बाघदर्रा नेचर पार्क में एक हजार बड़ी साइज के पेड़ रोपित किए जा रहे हैं। कैम्पिंग साइट के संचालन होने से पारिस्थितिकीय पर्यटकों एवं प्रकृति प्रेमियों को रोमांचकारी पर्यटन स्थल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही पर्यटक रात्रि में बाघदर्रा के सुरम्य जंगलों के बीच में विश्राम कर सकेंगे। यहां पर्यटक अलग ही रोमांच का अनुभव करेंगे।

वे वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में स्वच्छंद विचरण करते हुए निहार सकेंगे।
इस अवसर पर यूआईटी अध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली, संभागीय आयुक्त भवानीसिंह देथा, अतिरिक्त जिला कलक्टर सीआर देवासी, मुख्य वन संरक्षक इन्द्रपाल सिंह मथारू, राहुल भटनागर, उप वन संरक्षक ओपी शर्मा, आरके जैन, हरिणी वी, विभाग के शैतानसिंह देवड़ा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सितंबर तक पूरा हो बर्ड पार्क का कार्य
गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने शुक्रवार सुबह गुलाबबाग में बर्ड पार्क के कार्य का अवलोकन किया। विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को इस कार्य को सितंबर में ही पूरा करने के निर्देश दिए।

Published on: