उदयपुर

Rajasthan: खेत में सोए किसान पर पैंथर का हमला, 100 मीटर दूर तक घसीटा, शरीर से अलग किया पैर, मार डाला

Panther Attack In Udaipur: उदयपुर के उपली बड़ी गांव में खेत पर सो रहे किसान पर पैंथर ने जानलेवा हमला कर दिया। देर रात हुए हमले में किसान की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।
2 min read
Feb 28, 2026
panther attack, panther attack in Udaipur, panther attack in Rajasthan, panther attack on farmer, Udaipur news, Rajasthan news
घटना के बाद जुटे किसानों से चर्चा करते विधायक फूलसिंह मीणा। फोटो- पत्रिका

उदयपुर। शहर के नजदीक बड़ी पंचायत के उपली बड़ी गांव में खेत पर पैंथर ने किसान पर हमला कर दिया। पैंथर किसान को घसीटते हुए कुएं से 100 मीटर दूर ले गया। घटना शुक्रवार देर रात की है। शनिवार सुबह किसान का शव मिला। पहले हत्या की आशंका जताई गई, लेकिन जांच में सामने आया कि मौत पैंथर के हमले से हुई।

ग्रामीणों ने बताया कि किसान बाबूलाल (42) पुत्र रूपलाल गमेती का शव खेत में झाड़ियों के पास पड़ा था। उसका एक पैर शरीर से अलग था। कुएं के पास ही उसके कपड़े पड़े मिले। सुबह अन्य किसान थावरचंद खेत पर पहुंचा तो वहां खून बिखरा नजर आया। अनहोनी की आशंका में तलाश की तो वहां से 100 मीटर दूर बाबूलाल का शव दिख गया।

उसने ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी। इस पर वन विभाग और बड़गांव थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सज्जनगढ़ सेंचुरी से रेंजर सीताराम मीणा और उदयपुपूर्व से रेंजर तेजसिंह राणावत भी वहां पहुंचे। प्रारंभिक जांच के बाद शव एमबी अस्पताल के मुर्दाघर पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शाम को शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आबादी से महज 400 मीटर दूर की घटना

ग्रामीणों ने बताया कि जहां घटना हुई, वह आबादी से करीब 400 मीटर दूर है। किसान खेत पर बने करीब 8 फीट ऊंचे कमरे पर सो रहा था। किसान बाबूलाल के गले पर पैंथर के पंजों और दांतों के निशान मिले, वहीं शरीर से एक पैर अलग हो गया था।

रात को सिंचाई के लिए गया था

ग्रामीणों ने बताया कि कुएं के पास बने एक कमरे की छत पर किसान सो रहा था। रात को गेहूं की फसल में पानी देने के बाद वह सो गया था। इसी दौरान पैंथर कमरे की छत पर पहुंचा और हमला कर दिया। उसने किसान को छत से दबोचकर नीचे उतारा और घसीटते हुए 100 मीटर दूर ले गया।

वन विभाग की अनदेखी

किसानों का कहना है कि क्षेत्र में पैंथर का मूवमेंट बना हुआ है। कई बार सूचना देने के बाद भी वन विभाग ने ध्यान नहीं दिया। पैंथर के हमले में किसान की मौत की सूचना पर वन विभाग में हलचल मच गई। विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और मुर्दाघर जाकर जानकारी ली।

Updated on:
28 Feb 2026 07:12 pm
Published on:
28 Feb 2026 07:10 pm