उदयपुर

सरकार ने किया जिन्हें ब्लैक लिस्टेड, प्रशासन ने उन्हें ही लगा लिया गले…कलक्टर ने उपनिदेशक से मांगा स्पष्टीकरण

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
• •
Updated: 7 Sep 2018, 7:10 PM IST
Aadhar Card

मुकेश हिंगड़/मो.इलियास.उदयपुर. आधार कार्ड में मनमर्जी से राशि ऐंठने की शिकायतों पर सरकार ने भले ही ऐसे निजी केन्द्रों को ब्लैकलिस्टेड कर दिया, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने उन्हें गले लगाने में कोई कमी नहीं रखी। संभवत: यही वजह है कि यहां कलक्ट्रेट के समीप इन ब्लैकलिस्टेड केन्द्रों पर 100 से 200 रुपए में नए आधार कार्ड, नवीनीकरण कार्य धड़ल्ले से जारी है। बड़े अक्षरों में लिखा है कि यहां आधार बनाए जाते हैं, लेकिन ताज्जुब है कि जिम्मेदारों की नजर ही नहीं पड़ी। पत्रिका के स्टिंग ऑपरेशन से प्रशासन में खलबली मची और दूसरे दिन जिला कलक्टर ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग की उप निदेशक से स्पष्टीकरण मांगा। पूछताछ भी हुई।


नहीं बताया, कहां बनता है नि:शुल्क आधार
आधार कार्ड बनाने के लिए लोग परेशान होकर चक्कर लगाते है और जब लगता है कि जेब से 100 से 150 देने से आधार बन रहा है तो फिर क्या सोचना? बड़ी तादाद में लोगों को यह पता नहीं है कि आधार नि:शुल्क बनता है और वह भी सरकारी प्रांगण में। दिलचस्प बात तो यह है कि जिला प्रशासन व आधार का जिम्मा संभालने वाले सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने आधार बनने वाले स्थानों का प्रचार-प्रसार ही नहीं दिया तो लोगों को लगा कि इन दुकानों पर ही आधार बनता है। इसका फायदा उठाते हुए निजी केन्द्रों पर लूट शुरू हो गई। कोर्ट चौराहा पर कुछ लोगों ने बताया कि कलक्ट्रेट पास होने के बाद भी निजी दुकानों पर आधार बनने की प्रक्रिया, कहीं न कहीं मिलीभगत की तरफ इशारा कर रही है। सरकारी स्तर पर आधार कार्ड कहां बन रहा है? सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से मांगने पर भी यह सूचना उपलब्ध नहीं करवाई जा रही है।


शहर में आप आधार यहां बनाए नि:शुल्क

गिर्वा तहसील कोर्ट चौराहा व गिर्वा पंचायत समिति रेती स्टैंड
डाकघर में
शास्त्री सर्कल, मादड़ी इण्डस्ट्रीयल एरिया, चेतक सर्कल, सूरजपोल, हिरणमगरी, स्टेशन रोड
बैंकों में
एचडीएफसी दुर्गानर्सरी, एक्सिस बैंक तोरण बावड़ी, येस बैंक मधुवन, फेडरल बैंक मधुवन, आईडीबीआई सहेली मार्ग, यूनाइटेड बैंक सहेली मार्ग, बैंक ऑफ बड़ौदा कृषि उपज मंडी व सरदारपुरा, विजया बैंक देहलीगेट, आईसीआईसी बैंक घंटाघर व यूको बैंक बापूबाजार

Updated on:
7 Sep 2018, 7:10 PM IST
Published on: