
यूडीए अधिकारियों से चर्चा करते विधायक ताराचंद जैन
उदयपुर. शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने, संकरे रास्तों को चौड़ा करने और सीवरेज से वंचित वार्डों तक जल्द ही सुविधाएं पहुंचेंगी। यूडीए की ओर से प्रतापनगर-सूरजपोल मार्ग को चौड़ा करने का काम चल रहा है, वहीं पुरोहितों का तालाब रोड पर 31 दिसंबर से पहले काम शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। ट्राइडेंट रोड के दोनों ओर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगेंगी और छोटे पुलों को चौड़ा किया जाएगा। फतहसागर रानी रोड पर इंद्रलोक गार्डन में पार्किंग शुरू होने से जाम की समस्या कम होगी। यूनिवर्सिटी रोड-शोभागपुरा मार्ग पर अतिक्रमण हटाने और न्यू आरटीओ रोड से विश्वविद्यालय गेट तक संकरे हिस्से का समाधान निकालने की तैयारी है। शहर विधानसभा क्षेत्र के सीवरेज से वंचित वार्डों के लिए भी डीपीआर बनाई जा रही है। गुरुवार को शहर विधायक ताराचंद जैन ने यूडीए अधिकारियों की बैठक ली जिसमें उन्होंने समस्त कार्याे की प्रगति जानी व आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना, अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजीव शर्मा, वरिष्ठ अभियंता नीरज माथुर, निर्मल सुथार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।---
शहर के प्रमुख विकास कार्यों पर एक नजर
1. ठोकर चौराहा- दो चरणों में होगा चौड़ा
प्रतापनगर से सूरजपोल जाने वाले मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, इसे जल्द पूरा किया जाएगा। इसके बाद सूरजपोल से प्रतापनगर की ओर वन विभाग से खरीदी जमीन को भी चौड़ा किया जाएगा।
2. पुरोहितों का तालाब रोड- 31 दिसंबर से पहले काम शुरू करने का लक्ष्य
इस मार्ग की डीपीआर तैयार की जा रही है। सड़क के दोनों ओर के कब्जे हटाकर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद 31 दिसंबर से पहले चौड़ीकरण कार्य शुरू करने की योजना है।
3. यूनिवर्सिटी रोड-शोभागपुरा: अतिक्रमण हटाकर बढ़ेगी चौड़ाई
यूनिवर्सिटी रोड से शोभागपुरा चौराहे की ओर जाने वाले मोड़ पर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जा रही है। जिन हिस्सों पर स्टे नहीं है, वहां काम शुरू कर दिया गया है। स्टे वाले हिस्सों के मामले में यूडीए ने हाईकोर्ट की डबल बेंच में अपील की है।
4. ट्राइडेंट रोड- दोनों ओर लगेंगी इंटरलॉकिंग टाइल्स
मार्ग के दोनों ओर पांच-पांच फीट तक इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जाएंगी। छोटे पुलों को चौड़ा करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
5. रानी रोड- इंद्रलोक गार्डन में पार्किंग शुरू
फतहसागर झील की रानी रोड पर जाम से राहत देने के लिए इंद्रलोक गार्डन में पार्किंग शुरू की गई है। इससे सड़क किनारे वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।
6. न्यू आरटीओ रोड- विश्वविद्यालय गेट तक संकरे हिस्से का समाधान
न्यू आरटीओ रोड से विश्वविद्यालय गेट तक बॉटलनेक के कारण यातायात प्रभावित होता है। इसका स्थायी समाधान निकालने के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति और यूडीए अधिकारियों की संयुक्त बैठक होगी।
7. सीवरेज से वंचित वार्डों में बिछेगी लाइन
शहर विधानसभा क्षेत्र के जिन वार्डों में सीवरेज लाइन नहीं पहुंची है, उनके लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। स्वीकृति मिलने के बाद काम आगे बढ़ाया जाएगा।
शोभागपुरा चौराहे के नामकरण पर मंजूरी जरूरी
शहर विधायक ताराचंद जैन ने यूडीए अधिकारियों के साथ बैठक में शोभागपुरा चौराहे को लेकर भी चर्चा की। चौराहे पर बने आर्किटेक्ट टावर को लेकर विधायक ने अधिकारियों से कहा कि सिर्फ चौराहे के निर्माण करने या उसके मेंटेन करने से उसका नामकरण नहीं किया जा सकता। शहर में ऐसे कई चौराहे हैं जो कई संस्थान वर्षों से मेंटेन कर रहे हैं पर उन्होंने उसे चौराहे का नामकरण अपने स्तर पर नहीं किया। उन्होंने भी उन चौराहों का नाम जन भावना के अनुसार रखा है। चौराहे को लेकर जैन ने स्पष्ट कहा कि इसको लेकर सक्षम स्तर पर स्वीकृति लेकर और स्थानीय जन भावनाओं को देखते हुए इसका नामकरण किया जाए।
Updated on:
30 Oct 2026, 6:11 PM IST
Published on:
30 Oct 2026, 6:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.