उदयपुर

राजस्थान के उदयपुर में झगड़ा सुलझाने गई पुलिस पर दो बार पथराव, जान बचाने के लिए भागने लगे पुलिसकर्मी

खेरोदा थाना क्षेत्र के नांगलिया गांव में झगड़ा सुलझाने गए पुलिसकर्मियों पर दो बार पथराव किया गया।

2 min read
Feb 13, 2025
police jeep
पुलिस जीप (फोटो: पत्रिका)

उदयपुर। खेरोदा थाना क्षेत्र के नांगलिया गांव में झगड़ा सुलझाने गए पुलिसकर्मियों पर दो बार पथराव किया गया। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, वहीं पुलिस वाहन के शीशे फूट गए। मुख्य आरोपी सरपंच पथराव के बाद फरार हो गया, जबकि 5 जनों को गिरफ्तार किया गया है। घटना बुधवार शाम की है, जब पुलिसकर्मी झगड़े की सूचना पर पहुंचे थे। राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज किया गया है।

थानाधिकारी सुरेश विश्नोई ने बताया कि नांगलिया गांव में झगड़े की सूचना पर स्थिति नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मी पहुंचे थे। मौके पर मौजूद सरपंच मनमोहन मीणा उर्फ मोंटू सहित अन्य लोगों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, लोगों ने झगड़े को छोड़कर पुलिस पर पथराव कर दिया। ऐसे में अपनी जान बचाने के लिए पुलिसकर्मी भागते दिखे। पथराव में भटेवर चौकी प्रभारी हेड कांस्टेबल महेंद्र ढाका और राजवीर यादव घायल हो गए।

स्थिति बेकाबू होने की स्थिति में थानाधिकारी ने वृत्ताधिकारी राजेंद्र सिंह जैन को घटना की जानकारी दी। वृत्ताधिकारी ने वल्लभनगर और भींडर थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा। पुलिस ने पथराव करने वालों को पकडऩे का प्रयास किया। लेकिन, लोगों ने दूसरी बार घरों पर चढ़े 20-25 लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने जैसे-तैसे स्थिति पर काबू पाया। सरपंच मनमोहन मीणा मौके से भाग छूटा। पुलिस ने पथराव करने वाले 5 जनों को गिरफ्तार किया है।

जाति पंचायत के तौर पर चल रहा था झगड़ा

जानकारी मिली कि एक व्यक्ति के संबंधों को लेकर जाति पंचायत के तौर पर झगड़ा चल रहा था। बातचीत में दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। घटना सरपंच के घर के पास ही मुख्य सड़क की है।

सरपंच ने लोगों को उकसाकर कराया पथराव

पथराव को लेकर पुलिस ने सरपंच को टोंका तो सरपंच लोगों के साथ अपने घर की छत पर चढ़ गया। पथराव के दौरान पुलिसकर्मी लोगों की गाडिय़ों के पीछे छिपे तो उनकी गाडिय़ों के कांच भी फूट गए।

इनको किया गया गिरफ्तार

नांगलिया निवासी प्रेमराज मीणा, नानालाल मीणा, रतनलाल मीणा, भूरालाल मीणा, बंशीलाल मीणा को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी स्थानीय निवासी हैं। एक को छोड़कर सभी 30-40 साल उम्र के हैं।

Published on:
13 Feb 2025 06:08 am