
निरीक्षण के दौरान विधायक को समस्या बताते लोग।
उदयपुर. शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से बनी जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को ग्रामीण विधायक मैदान में उतरे। उन्होंने पटेल सर्किल स्थित जवाहर नगर के पीछे क्षतिग्रस्त दीवार, सेक्टर-11 में अधूरे पड़े सीवर कार्य, गैस पाइप-लाइन बिछाने के दौरान सामने आ रही परेशानियों तथा फूटा तालाब क्षेत्र में मलबा और गंदगी की समस्या का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जवाहर नगर क्षेत्र में ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने बारिश और तेज तूफान के दौरान बड़े पेड़ों के दबाव से गिरी नगर निगम द्वारा निर्मित दीवार को देखा। स्थानीय लोगों ने बताया कि आसपास मकान नहीं होने से हादसा टल गया, पर क्षेत्र में कई पेड़ अभी भी जोखिम की स्थिति में हैं। स्थानीय निवासी प्रहलाद बालचंदानी की सूचना पर विधायक नगर निगम अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और दीवार की मरम्मत जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।इसके बाद विधायक ने सेक्टर-11 में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चल रहे सीवर कार्य का जायजा लिया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा लंबे समय से काम बंद रखने से सड़कों और कॉलोनी की स्थिति खराब हो रही है। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से कार्य में तेजी लाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अदाणी समूह की ओर से बिछाई जा रही गैस पाइप-लाइन के कार्य को लेकर भी शिकायतें सामने आईं। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर निर्देश दिए कि जहां भी पाइप-लाइन क्षतिग्रस्त हो रही है, उसे तुरंत दुरुस्त किया जाए और जहां काम पूरा हो चुका है, वहां क्षेत्र को व्यवस्थित कर आगे का कार्य किया जाए। फूटा तालाब क्षेत्र में विधायक ने मलबा डाले जाने और मृत पशुओं के निस्तारण से फैल रही दुर्गंध की समस्या पर भी नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सेक्टर-14 सहित आसपास के क्षेत्रों का मलबा यहां डाला जा रहा है, इससे क्षेत्र डंपिंग यार्ड में तब्दील होता जा रहा है और गोविंद नगर के निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है।विधायक ने नगर निगम के निर्माण एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर नाले की संपूर्ण सफाई और भराव हटाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दो से तीन दिन में सफाई कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष अमृत मेनारिया, जिला प्रवक्ता भंवरसिंह देवड़ा, महामंत्री विजय प्रजापत, गजेंद्र अग्रवाल, महेश शर्मा, मोहन चावला, चंद्रप्रकाश मंगवानी, सनी पोखरना, राजकुमार ओड, कपिल राठौड़ और कमलेश ओड आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Published on:
05 Jun 2026 06:01 pm
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
