
मृतका बच्ची (पत्रिका फोटो)
Udaipur Pichola Lake Accident: उदयपुर की प्रसिद्ध पिछोला झील किनारे बने एक हेरिटेज होटल में शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से घूमने आए एक परिवार की दो साल की मासूम बच्ची होटल की दूसरी मंजिल के झरोखे (खिड़की) से सीधे झील के गहरे पानी में जा गिरी। माता-पिता की आंखों के सामने हुए इस हादसे में डूबने से बच्ची की मौत हो गई। इस घटना ने पर्यटकों की सुरक्षा और होटल प्रबंधन के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के रहने वाले सोनू सिंह तंवर अपनी पत्नी और दो साल की बेटी हिमाई के साथ उदयपुर घूमने आए थे। वे घंटाघर थाना क्षेत्र में स्थित हेरिटेज होटल जगत निवास में ठहरे हुए थे। शनिवार सुबह माता-पिता अपनी बच्ची के साथ होटल की दूसरी मंजिल पर बने रेस्टोरेंट में नाश्ता करने गए थे।
बता दें कि जब माता-पिता काउंटर से खाना ले रहे थे, उसी दौरान मासूम हिमाई खेलते-खेलते रेस्टोरेंट के झरोखे के पास पहुंच गई। बच्ची ने जैसे ही झरोखा खोला, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे पिछोला झील में जा गिरी।
हादसा होते ही होटल में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आवाज सुनकर होटल स्टॉफ तुरंत मौके पर पहुंचा और कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए झील में छलांग लगा दी। बच्ची को पानी से बाहर निकालकर तुरंत एमबी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही घंटाघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया और परिजनों की रिपोर्ट पर पोस्टमॉर्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बताते चलें कि उदयपुर देश-विदेश के सैलानियों के लिए एक बड़ा टूरिस्ट हब है। जहां रोजाना सैकड़ों परिवार ठहरते हैं। ऐसे में हेरिटेज होटलों की सुरक्षा व्यवस्था और खिड़कियों-झरोखों में बालकनी ग्रिल या सेफ्टी लॉक न होना सुरक्षा पर बड़े प्रश्नचिह्न लगाता है।
Updated on:
25 Jul 2026 03:44 pm
Published on:
25 Jul 2026 03:44 pm
