उदयपुर

उदयपुर में इस मौसम की सर्वाध‍िक बार‍िश , एक घंटे में दो इंच बरसा पानी, लोगों ने ली राहत की सांस..

www.patrika.com/rajasthan-news

2 min read
Aug 18, 2018

धीरेंद्र जोशी /उदयपुर. शहर का आसमान शुक्रवार दोपहर काले घने बादलों से घिर गया। कुछ ही देर में भरी दुपहरी में अंधेरे का अहसास होने लगा। इसके बाद तेज उमस और गर्मी के बीच तेज बारिश शुरू हुई। करीब एक घंटे में ही शहर में दो इंच पानी बरसा। इससे शहर में हर जगह पानी-पानी हो गया। सड़कें नदियां बन गई और चौराहे तालाबों जैसे दिखाई देने लगे। उदयपुर मेंं पिछले कई दिनों से तेज गर्मी व उमस हो रही थी। शुक्रवार सुबह से ही बादल छाए हुए थे। दोपहर करीब 12.30 बजे काले घने बादल छा गए। इससे दोपहर में ही अंधेरे सा अहसास होने लगा। इसके बाद करीब एक बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ। जो करीब तीन बजे तक अनवरत चला। इस दौरान करीब एक घंटा जमकर बारिश हुई। इससे शहर की सड़कों पर तेज पानी बहने लगा। बारिश के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और कई जगह पानी भरने की समस्या खड़ी हो गई।
बारिश से शहर के देहलीगेट, उदियापोल, गुलाबबाग रोड, कालाजी-गौराजी, अश्विनी बाजार, यूआईटी, पानेरियों की मादड़ी, सेवाश्रम पुलिया के नीचे, अमल का कांटा, ब्रह्मपुरी, कृषिमंडी के बाहर आदि कई स्थानों पर बारिश का पानी भर गया। कई जगह पानी घुटनों से ऊपर तक भरा हुआ था। एेसे में दो पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। दो पहिया वाहनों के साइलेंसर में पानी भरने से वे पानी के बीच में बंद हो गए।


ढूंढे बचाव के संसाधन
गत कई दिनों से शहर में बारिश नहीं होने से लोग भी बेफिक्र हो गए। एेस में लोगों ने शुक्रवार को भी बादलों को नजरअंदाज किया और बारिश से बचने के संशाधन लेकर नहीं निकले। दोपहर में बारिश शुरू होने के साथ ही लोगों ने अपने-अपने वाहन सड़क किनारे लगाए और इससे बचने के लिए शेड और अन्य सुरक्षित जगह की तलाश शुरू कर दी। काफी देर इंतजार के बाद भी बारिश बंद नहीं होने पर कई लोग भिगते हुए गंतव्य तक पहुंचे।


खेतों में भरा पानी
इधर, जिले के छपन व मेवल के 50 गांवों मेंं दोपहर 12 से एक बजे के बीच एक घंटा मूसलधार बारिश हुई। इससे खेत व खलिहान पानी से भर गए। वहीं, मुरझा रही फसलों को पानी से जीवनदान मिला। लोगों को गर्मी व उमस से निजात मिली। धरियावद कस्बे में एक घण्टे तक हुई मूसलाधार बरसात से सड़केंं जलमग्न हो गई। निचले इलाकोंं एवंं बस्तियों में जलभराव से घुटनोंं तक पानी भर गया। बंबोरा में भी जमकर बार‍िश हुई।


इस मौसम की सर्वाधिक बारिश
उदयपुर शहर में इस मानसून की सबसे अधिक बारिश शुक्रवार को दर्ज की गई। सिंचाई विभाग के अनुसार शुक्रवार को दो घंटे में 45 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पूर्व 15 जुलाई को शहर में 38 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इसी प्रकार मदार 23, उदयसागर 17, वल्लभनगर 38, गोगुंदा 33, कोटड़ा में 27 मिलीमिटर बारिश दर्ज की गई।

Updated on:
17 Aug 2018 07:30 pm
Published on:
18 Aug 2018 08:00 am
Also Read
View All