NHM : राजस्थान के सभी शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में उपस्थिति के लिए एनएचएम के निदेशक डॉ. जोगाराम ने सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जानें क्या है?
NHM : राजस्थान सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने चिकित्सा विभाग में पारदर्शिता और अनुशासन बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब उदयपुर सहित प्रदेश के सभी शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर पर हाथ से नहीं, बल्कि डिजिटल माध्यम से दर्ज होगी। प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की ओर से विकसित राजएसएसओ-अटेंडेंस मेनेजमेंट सिस्टेम ऐप के जरिए कर्मचारियों की हाजिरी की नियमित निगरानी की जाएगी। इस संबंध में मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उदयपुर जिला मुख्यालय के शहरी नोडल अधिकारियों और जिले के सभी ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को सात दिन के भीतर सभी कर्मचारियों की आइडी मैपिंग पूरी करने के निर्देश दिए हैं। राज्य स्तर पर उपस्थिति पोर्टल में जिला स्तर से पहचान पत्र जोड़ने का शुरुआती कार्य पहले ही किया जा चुका है। अब इसे पूर्ण रूप से लागू किया जाएगा। आदेश की पालना के बाद सभी जिलों के अधिकारियों को 7 दिन में अपनी अनुपालन रिपोर्ट सरकारी ईमेल आईडी पर भेजनी होगी।
सरकारी आदेश के अनुसार वर्तमान में शहर और प्रदेश के अन्य शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कर्मचारियों की उपस्थिति हाथ से रजिस्टर में दर्ज की जा रही थी। इससे कर्मचारियों की नियमित और सटीक मॉनिटरिंग में दिक्कत आ रही थी।
नई डिजिटल व्यवस्था के बाद कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित होगी। विभाग का मानना है इससे स्वास्थ्य केंद्रों पर आमजन को मिलने वाली चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
वहीं उदयपुर में एक अन्य न्यूज के अनुसार भारत स्वाभिमान न्यास व पतंजलि योग समिति परिवार की ओर से पानेरियों की मादड़ी स्थित नर्बदेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में 29वां निःशुल्क योग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में योगाचार्य डॉ. नरेन्द्र कुमार सनाढ्य एवं श्याम सुंदर शर्मा ने आयुष मंत्रालय के योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास करवाया। स्वास्थ्य ज्ञान, मानसिक शांति और विश्व कल्याण के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया। शंकरलाल वैष्णव ने यज्ञ कराया। जिला प्रभारी मोहन शक्तावत ने योग प्रशिक्षकों व योग साधकों का सम्मान किया, वहीं लक्की भार्गव ने नियमित योग करने की शपथ दिलाई। 30वां योग शिविर 24 मई को मनवाखेड़ा में होगा।
उदयपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत चल रहे 50 दिवसीय योग काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को गोवर्धन सागर की पाल पर सामूहिक योग प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास आयोजित किया। कई स्वयंसेवी संस्थाओं, संगठनों एवं समितियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन में बड़ी संख्या में योग प्रेमी, महिलाएं, विद्यार्थी एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। मीडिया प्रभारी विनोद कोठारी ने बताया, सार्वजनिक स्थलों पर योग गतिविधियां आयोजित की जा रही है। योग समन्वयक डॉ. शोभालाल औदीच्य ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना ही इस अभियान का उद्देश्य है।