
धीरेंद्र जोशी/उदयपुर. आगामी विधानसभा चुनाव-2018 का कार्यक्रम निर्धारित होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता को लेकर जिला निर्वाचन विभाग की ओर से तैयारियां जोरों पर है। जिला निर्वाचन अधिकारी बिष्णुचरण मल्लिक ने गुरुवार को निर्वाचन से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठ प्रभारियों के साथ बैठक लेकर संबंधित कार्यों की चर्चा की। कलक्टर ने कहा कि चुनाव संबंधी कार्यों के दौरान आदर्श आचार संहिता की पूर्ण पालना सुनिश्चित हो।
बैठक में अतिरिक्त उप जिला निर्वाचन अधिकारी चांदमल वर्मा, एडीएम सिटी संजय कुमार, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ सिहाग, स्वीप प्रभारी व जिला परिषद के सीइओ कमर चैधरी, गिर्वा एसडीएम लोकबन्धु, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजेश सोनी सहित चुनाव से जुड़े समस्त प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।
मल्लिक ने संबंधित प्रकोष्ठ प्रभारियों से चर्चा करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की शत-प्रतिशत पालना करते हुए चुनाव प्रक्रिया को सम्पन्न करवाने में सभी को अपने दायित्वों का भलीभांति निर्वहन करना होगा। उन्होंने संबंधित प्रकोष्ठों की प्रगति रिपोर्ट से समय-समय पर अवगत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा नियमित प्राप्त होने वाली जानकारी के अनुसार जिले भर से अवैध हथियार जब्त किए जा रहे हैं और साथ ही वैध हथियारों को जमा करने की कार्यवाही भी की जा रही है। जिले भर में कानून व्यवस्था बनाये रखते हुए इन कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है।
स्वीप नवाचारों को सराहा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वीप गतिविधियों के तहत किये जा रहे मतदाता जागरुकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए शत-प्रतिशत मतदान करवाने पर जोर दिया। उन्होंने आमजन को मतदान के प्रति प्रेरित व जागरूक करने को लेकर किए जा रहे स्वीप नवाचारों की सराहना की और इसे ओर अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।