उदयपुर

Rajasthan News: कुएं में गिरे iPhone को निकालने उतरे गोताखोर की मौत, अच्छे तैराकों में से एक थे केशूलाल

राजस्थान के उदयपुर में दो अलग—अलग मामलों में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। गोगुंदा थाना क्षेत्र में कुएं में गिरे आईफोन को निकालने उतरे एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। वहीं एक दूसरे मामले में बच्चों को तैराकी सिखाने गया युवक खुद कुंड में डूब गया।
2 min read
May 29, 2026
iphone fall in well
मौके पर मौजूद पुलिस

Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के मारुवास गांव में कुएं में गिरे मोबाइल को निकालने उतरे एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निकाल गोगुंदा मोर्चरी में रखवाया। थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि जोधावतों की भागल, मारूवास गांव में कुलदीप सिंह अपने रिश्तेदार की मौत के कार्यक्रम पर गया था।

परिवार के सदस्यों के साथ कुएं पर स्नान कर रहा था। इस दौरान उसका मोबाइल कुएं में गिर गया। दोपहर करीब 3 बजे स्थानीय लोगों ने फोन निकालने के लिए गोताखोर मचीन्द निवासी केशूलाल गमेती को बुलाया। वह अपने बेटे रूपलाल के साथ पहुंचा था।

बार सर्च करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिला

कुएं में मोबाइल को काफी देर तक ढूंढा लेकिन फोन नहीं दिखा। लगातार 2 बार ढूंढने के बाद भी फोन नहीं मिला। तीसरी बार केशूलाल फिर कुएं में उतरा। गोताखोर आईफोन को ढूंढते हुए काफी गहराई में चला गया और काफी देर तक बाहर नहीं आने पर ग्रामीण और मौके पर पुलिस पहुंची ने शव को निकाला। इस घटना के बाद गोताखोर के परिवार और समाज के लोगों ने शव लेने से इनकार कर दिया।

केशूलाल के बेटे रूपलाल ने बताया कि उनके पिताजी पूरे इलाके के अच्छे तैराकों में से एक थे। बुधवार दोपहर को वह भी पिता के साथ पहुंचा था। कुएं में 2 बार सर्च करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने पर वह तीसरी बार कुएं में उतरे थे। गहराई में जाने से डूब गए और उनकी मौत हो गई।

बच्चों को तैराकी सिखाने गया युवक खुद कुंड में डूबा

इधर उदयपुर जिले के आयड़ स्थित गंगू कुंड में बड़ी घटना हो गई। बच्चों को तैराकी सिखाने गया युवक खुद कुंड में डूब गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक को ठीक से तैरना नहीं आता था। उसके साथी ने पानी में स्टेमिना बढ़ाने की बात कहकर प्रेरित किया। इस पर लम्बी सांस रोककर गहराई में गया युवक वापस बाहर नहीं आ पाया।

जानकारी के अनुसार ठोकर चौराहा निवासी दुर्गाशंकर (41) पुत्र हीरालाल सालवी की मौत हो गई। हादसा गुरुवार सुबह 7 बजे हुआ, जब दुर्गाशंकर अपने 10 और 14 साल के बेटों को तैराकी सिखाने के लिए पहुंचा था। युवक के डूबने की सूचना पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीमें पहुंची।

सर्च ऑपरेशन करते हुए युवक का शव बाहर निकाला गया। सविल डिफेंस सदस्य कैलाश मेनारिया ने सीपीआर दिया, लेकिन जान नहीं बच पाई। इसके बाद शव भूपालपुरा थाना पुलिस को सौंपा। पुलिस ने एमबी हॉस्पिटल के मुर्दाघर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

कुंड पर बेटों का विलाप 'कोई पापा को बचा लो'


जब दुर्गाशंकर कुंड की गहराई में गया और वापस नहीं आया तो बाहर हल्ला हो गया। उसके दोनों बेटे विलाप करने लगे। मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक की मां और पत्नी भी कुंड पर पहुंच गई। पूरे परिवार का विलाप देखकर पूरे परिसर का माहौल गमगीन हो गया।

यह वीडियो भी देखें

Updated on:
29 May 2026 05:15 pm
Published on:
29 May 2026 05:15 pm