उदयपुर

कौन हैं अल्का मूंदड़ा? जिनके एक भाषण ने दिलाई थी पहचान, अब मिली राजस्थान BJP महिला मोर्चा में बड़ी जिम्मेदारी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की नई टीम में उदयपुर की अल्का मूंदड़ा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। प्रभावी भाषण से पहचान बनाने वाली अल्का पूर्व में महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रह चुकी हैं।
2 min read
Nov 28, 2025
Who is Alka Mundada
Alka Mundada (Patrika Photo)

उदयपुर: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने गुरुवार को अपनी टीम को घोषणा की। सूची में उदयपुर को भी जगह मिली है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रहीं अल्का मूंदड़ा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है।

ऐसे में एक बार फिर उदयपुर के महिला नेतृत्व को प्रदेशस्तर पर पहचान मिली है। अल्का मूंदड़ा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया की करीबी मानी जाती हैं। पूनिया के प्रदेशाध्यक्ष रहते ही महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। अल्का को बड़ा पद मिलने पर समर्थकों व उदयपुर भाजपा में खुशी का माहौल है। प्रदेश भाजपा की टीम में उदयपुर से कई नेताओं की दावेदारी थी, लेकिन उन्हें मौका नहीं दिया गया।

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष का जिला दरकिनार

राठौड़ की नई कार्यकारिणी में उदयपुर संभाग के सात जिलों में से उदयपुर और बांसवाड़ा को ही एक-एक पद दिया है। जबकि, चितौड़गढ़, राजसमंद, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, सलूबर जिले से किसी को शामिल नहीं किया गया है। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के चित्तौड़गढ़ जिले को भी दरकिनार रखा गया है।

पूनिया ने घर पहुंचकर दी बधाई

अल्का को अहम पद दिए जाने पर समर्थकों ने खुशी जाहिर की। उनके निवास पर पहुंचकर बधाइयां दी। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व हरियाणा के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया भी गुरुवार को उदयपुर प्रवास पर थे तो वे भी अल्का मूंदड़ा के घर पहुंचे और शुभकामनाएं दी। इस दौरान परिजन और रिश्तेदार आदि मौजूद रहे।

गृहिणी से पदाधिकारी तक

जब सीधे महापौर के चुनाव हुए तब अल्का मूंदड़ा ने भी दावेदारी की थी। उन्हें मौका तो नहीं मिला, लेकिन भाजपा के मजबूत कार्यकर्ता के रूप में देखी गई। उस दरमियान एक सभा में प्रभावशाली भाषण देने पर अल्का सभी में पहचानी जाने लगी।

इसके बाद वे भाजपा के सभी कार्यक्रम, अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाती रही। ऐसे में उन्हें महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बनाया गया। उदयपुर में महिला मोर्चा की पहचान बनाने में सफल रहने पर उन्हें प्रदेश में महिला मंत्री, फिर महामंत्री और फिर प्रदेशध्यक्ष बनाया गया। वे नाथद्वारा विधानसभा की प्रभारी भी हैं।

संभाग में सिर्फ दो जिलों से पद मिले, चितौड़गढ़ भी खाली हाथ

राठौड़ ने कार्यकारिणी में कुल 34 नाम शामिल है। इसमें 9 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री, 7 मंत्री, 1-1 कोषाध्यक्ष, सहकोषाध्यक्ष, प्रकोष्ठ प्रभारी और 7 प्रवक्ता बनाए हैं। उदयपुर संभाग से सिर्फ दो पदाधिकारियों को शामिल किया है। अल्का के अलावा बांसवाड़ा के हकरू मईडा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है।

Updated on:
28 Nov 2025 09:58 am
Published on:
28 Nov 2025 09:58 am