उदयपुर

हर जिले में बनेगा आरसीए का अपना क्रिकेट ग्राउंड

राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) राज्य के हर जिले में आधुनिक क्रिकेट ग्राउंड और स्टेडियम विकसित करेगा। शुरुआत उदयपुर और जयपुर से हो चुकी है। जिन जिलों में डीसीए के पास मैदान हैं, वहां सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी, जबकि जमीन नहीं होने पर सरकारी मैदान विकसित किए जाएंगे।
2 min read
May 28, 2026
cricket stadium in every district
उदयपुर के कानपुरखेड़ा में यहां तैयार हो रहा क्रिकेट ग्राउंड

उदयपुर. राजस्थान में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) ने बड़ा विजन तैयार किया है। राज्य के सभी जिलों में जिला स्तर पर क्रिकेट ग्राउंड और आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम विकसित होंगे। शुरुआत उदयपुर के कानपुर खेड़ा और जयपुर के चौंप क्षेत्र से हो चुकी है। इसका मुख्य उद्देश्य छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देकर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और राष्ट्रीय स्तर पर क्रिकेट की नई पहचान दिलाना है।

जहां जमीन नहीं वहां दूसरे स्टेडियम करेंगे विकसित

आरसीए की योजना के अनुसार, जिन जिलों में जिला क्रिकेट संघ (डीसीए) के पास पहले से स्वयं के क्रिकेट ग्राउंड हैं, वहां आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रेनिंग सुविधाएं, पिच डेवलपमेंट, फ्लडलाइट्स, नेट्स और क्रिकेट इक्यूपमेंट उपलब्ध कराए जाएंगे। जिन जिलों में डीसीए के पास खुद की जमीन या मैदान नहीं हैं, वहां प्रशासन के सहयोग से सरकारी खेल मैदान या स्टेडियम को विकसित करेंगे। आरसीए और संबंधित जिला क्रिकेट संघ मिलकर इनका संचालन और विकास करेंगे। इससे आने वाले वर्षों में आरसीए की हर जिले में अपनी स्थायी संपत्ति और खेल ग्राउंड होंगे।

गांव की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मैदान, कोचिंग और संसाधनों की कमी से आगे बढ़ने में परेशानी होती थी। नई योजना के बाद जिले स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर पिच, अभ्यास नेट्स, फिटनेस सुविधाएं और प्रतियोगिताओं का अवसर मिलेगा। इससे न सिर्फ क्रिकेट का स्तर सुधरेगा, बल्कि राजस्थान से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी निकलकर सामने आएंगे। स्कूल और कॉलेज स्तर पर क्रिकेट मजबूत होगा और युवाओं को खेल के माध्यम से करियर के नए अवसर मिलेंगे।

खेल के साथ रोजगार, फिटनेस और पहचान को बढ़ावा

विशेषज्ञ मानते हैं कि आधुनिक क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर बनने से कोचिंग, ग्राउंड मैनेजमेंट, फिटनेस ट्रेनिंग, स्पोर्ट्स इक्यूपमेंट और खेल आयोजनों से जुड़े रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूरी बनेगी। आरसीए की यह पहल खेलेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया थीम को जमीन पर उतारने की दिशा में बड़ा कदम है।

आरसीए का उद्देश्य सिर्फ मैदान बनाना नहीं, बल्कि राजस्थान में क्रिकेट का मजबूत भविष्य तैयार करना है। हर जिले में आधुनिक क्रिकेट सुविधाएं विकसित कर ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को समान अवसर दिए जाएंगे। आने वाले समय में राजस्थान क्रिकेट के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

- मोहित यादव, कन्वीनर एडहॉक कमेटी आरसीए

Updated on:
28 May 2026 06:57 pm
Published on:
28 May 2026 05:56 pm