उदयपुर

UDA: जाम से मिलेगी राहत, 100 फीट रोड चौराहे पर बनेगी स्लिप लेन, 50 हजार लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

Slip Lane In Udaipur: उदयपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यूडीए ने यूनिवर्सिटी रोड और शोभागपुरा 100 फीट रोड क्षेत्र के चौराहों को सुधारने की योजना बनाई है। इसके तहत व्यस्त चौराहे पर स्लिप लेन बनाई जाएगी, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और रोजाना गुजरने वाले करीब 50 हजार लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

3 min read
Apr 03, 2026
फोटो: पत्रिका

Udaipur Development News: उदयपुर शहर में तेजी से बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने यूनिवर्सिटी रोड और शोभागपुरा 100 फीट रोड क्षेत्र में जाम की समस्या खत्म करने के लिए महत्वपूर्ण योजना तैयार की है। इसके तहत यूनिवर्सिटी-100 फीट रोड के व्यस्त चौराहे को विकसित कर स्लिप लेन का निर्माण किया जाएगा।

फोटो: पत्रिका

इससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके। इसके साथ ही आरके सर्कल से शोभागपुरा 100 फीट रोड के बीच बने नए चौराहे को भी तकनीकी रूप से सुधारकर आकर्षक रूप में विकसित किया जाएगा। यूडीए ने दोनों चौराहों का सर्वे कर विस्तृत प्लान तैयार किया है। अधिकारियों का कहना है कि इन सुधारों से इस क्षेत्र में लंबे समय से लगने वाले जाम से काफी राहत मिल सकेगी।

शहर का सबसे व्यस्त मार्ग बना यूनिवर्सिटी रोड

यूडीए अधिकारियों के अनुसार यूनिवर्सिटी रोड और उससे जुड़ा 100 फीट रोड शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल हो गया। यहां आयड़ पुलिया, शोभागपुरा और आसपास के कई आवासीय क्षेत्रों से भारी यातायात गुजरता है। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी और शाम को कार्यालय समय के दौरान यहां लंबा जाम लग जाता है। इसके अलावा रोडवेज और निजी बसों का संचालन भी इसी मार्ग से होने लगा है, जिससे वाहनों का दबाव और बढ़ गया। इस स्थिति को देखते हुए यूडीए यहां चौराहे को नए सिरे से विकसित करेगा तथा जहां यातायात दबाव अधिक है वहां स्लिप लेन बनाकर ट्रैफिक को अलग-अलग दिशा में सुचारु रूप से मोड़ा जाएगा।

फोटो: पत्रिका

नए चौराहे में तकनीकी खामियां भी होंगी दूर

आरके सर्कल से शोभागपुरा 100 फीट रोड के बीच नया चौराहा विकसित किया था, लेकिन इसमें तकनीकी खामियां सामने आई हैं। यहां तीन दिशाओं से भारी यातायात आता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यूडीए इस चौराहे को दोबारा व्यवस्थित कर सड़क चौड़ीकरण, ट्रैफिक मूवमेंट का बेहतर डिजाइन और सौंदर्यीकरण करेगा, ताकि यातायात सुरक्षित और सुगम हो सके। इसके साथ ही शोभागपुरा चौराहे की सड़क व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा, जिससे इस पूरे मार्ग पर यातायात का दबाव कम किया जा सके।

600 मीटर जमीन विवाद में अटका 80 फीट लिंक रोड

इस क्षेत्र में यातायात सुधार के लिए प्रस्तावित 80 फीट लिंक रोड परियोजना 600 मीटर जमीन के विवाद और अधिग्रहण प्रक्रिया से अटकी हुई है। यूडीए ने आरके. सर्कल से शोभागपुरा 100 फीट रोड के बीच नया चौराहा बनाकर तीन दिशाओं में यातायात सुगम करने का प्रयास किया है, लेकिन केशवनगर–चंदनवाड़ी मार्ग नहीं जुड़ पाने से कनेक्टिविटी अभी अधूरी है। योजना के अनुसार 80 फीट सड़क शोभागपुरा 100 फीट रोड पर प्रस्तावित मेवाड़ सर्किल से 400 मीटर पहले बनने वाले चौराहे से निकलेगी। यह मार्ग अशोका पैलेस के पास से शुरू होकर चंदनवाड़ी, अमरूदों की बाड़ी और ऐश्वर्या कॉलेज के बाहर से होते हुए यूनिवर्सिटी रोड से जुड़ेगा। डेढ़ किलोमीटर मार्ग का बड़ा हिस्सा पहले ही बन चुका, कुछ हिस्सों में जमीन संबंधी अड़चन के कारण निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

ऐसे काम करेगी स्लिप लेन

चौराहे पर सीधे जाने वाले वाहनों से अलग एक साइड लेन बनाई जाती है। इस लेन से वाहन बिना सिग्नल का इंतजार किए बाईं या दाईं ओर मुड़ सकते हैं। इससे मुख्य सड़क पर वाहनों की कतार कम होती है और ट्रैफिक तेजी से आगे बढ़ता है। यूनिवर्सिटी मार्ग पर ऐसी ही स्लिप लेन बनेगी, जिससे वाहन मुख्य सड़क से बाईं ओर मुड़कर सीधे बिना रुके आगे निकल जाएंगेे। उसे पूरे चौराहे के ट्रैफिक में फंसना नहीं पड़ेगा। इस लेन से चौराहों पर जाम कम होता है, वाहनों का समय और ईंधन बचता है, दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है तथा ट्रैफिक लगातार चलता रहता है।

ये भी पढ़ें

Jaipur News: जयपुर का गोविंद मार्ग होगा 100 फीट चौड़ा, 190 मकान-दुकानों पर चलेगा बुलडोजर; सर्वे पूरा

Updated on:
03 Apr 2026 07:47 am
Published on:
03 Apr 2026 07:46 am
Also Read
View All

अगली खबर