
हेमन्त आमेटा/उदयपुर. जिले के ग्रामीण अंचलों में कार्तिक शुक्ल पक्ष चतुर्थी रविवार को सोलह सोमवार तक चलने वाले अखंड मंशावाचा व्रत का विधिविधान से उद्यापन करने के साथ समापन हुआ। वल्लभनगर स्थित तारेश्वर महादेव मंदिर पर पुजारी फ़तेह लाल आमेटा, भटेवर स्थित प्राचीन अमलेश्वर महादेव मंदिर पर प्रेमशंकर पुजारी, नर्बदेश्वर महादेव मंदिर पर मदन लाल आमेटा, बाईपास चौराहा पर दवेश्वर महादेव मंदिर पर ललित आमेटा द्वारा भोलेनाथ को बिल पत्र, फूल मालाओं, रत्न जड़ित आभूषणों से विशेष श्रृंगार धराया गया। इस व्रत के उद्यापन के चलते शिवालयों में विशेष पूजा अर्चना के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस व्रत को लेकर सुबह वृतार्थी महिला-पुरुष एवं युवाओं की टोली पारम्परिक वस्त्रों में सज धज कर उत्साह पूर्वक शिव मंदिरों में पहुंचे। शिवालयों में वृतार्थी महिला पुरुषों ने भगवान शिव पार्वती की कथा का श्रवण किया।
इसके बाद भगवान की आरती करके भोलेनाथ के दर्शन कर मनोकामना पूर्ण करने के लिए मंगल कामनाएं की। इस व्रत के उद्यापन पर अपने-अपने घरों में गेहूं के आटे, गुड़ व घी का मिश्रण कर विधिवत चूरमा बनाया गया। इस चूरमे के चार भाग करते हुए एक भाग को भगवान शिव को भोग के रूप अर्पण किया, दूसरे भाग को पुजारी, तीसरे भाग को गाय को खिलाया एवं अंतिम भाग का खुद प्रसाद के रूप में ग्रहण कर विधिपूर्वक इस व्रत का उद्यापन किया। इसको लेकर क्षेत्र के शिवालयों में आकर्षक सजावट की गई। इसके साथ ही भगवान शिव के दर्शनों को लेकर लंबी कतारें लगी रही।।