
फतहसागर और पिछोला झीलों में चल रही नावों का संचालन पेट्रोल-डीजल से हटाकर सोलर सिस्टम पर लाने के लिए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को बैठक ली।
एचआरएच गु्रप ऑफ होटल्स तथा लेक पैलेस समूह को उनकी नावों में से एक-एक नावें अगले छह महीनों में तथा अन्य एजेंसियों को अगले एक वर्ष में उनकी नावों को भी सोलर सिस्टम से चलाने के लिए पाबंद किया गया। बैठक में जिला कलक्टर रोहित गुप्ता ने निजी होटलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे जल्द ही सोलर सिस्टम आधारित नावों का संचालन शुरू करवाएं।
झीलों में पेट्रोल-डीजल चलित अन्य नावों को हटाया जाएगा। इसके साथ ही नगर निगम, पीडब्ल्यूडी को भी उनकी नावों का संचालन जल्द से जल्द सोलर सिस्टम पर लाने के लिए पाबंद किया गया। प्रशासन ने कहा कि हालांकि इसमें वक्त लगेगा लेकिन इस काम को तेजी से करना है।
भविष्य में नाव संचालन के लाइसेंस परिवहन कार्यालय से तब ही जारी होंगे जबकि उसका संचालन सोलर आधारित होगा। इससे झीलों में नाव संचालन से प्रदूषण बंद करने में बड़ी मदद मिलेगी। बैठक में संबंधित एजेंसियों के अधिकारी और होटल समूह के प्रतिनिधि उपस्थित थे।