उदयपुर

संपर्क पर समाधान की रफ्तार बढ़ाएं, जनता को मिले वास्तविक राहत

Aug 05, 2026
Rajasthan

कलक्टर ने की लंबित मामलों की समीक्षा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
राजसमंद. आमजन की शिकायतों को केवल फाइल नहीं, बल्कि उनके विश्वास और अपेक्षाओं से जुड़ा विषय मानते हुए जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने अधिकारियों को संपर्क पोर्टल एवं सीपी-ग्राम्स पर लंबित प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “राहत का मूल मंत्र संवेदनशीलता, जवाबदेही और समय पर समाधान है। जिला कलक्टर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में संपर्क पोर्टल एवं सीपी-ग्राम्स पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीएम नरेश बुनकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, सभी उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक में कलक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि सुशासन की वास्तविक पहचान आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान से होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवाद का तथ्यात्मक परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई की जाए और निस्तारण ऐसा हो, जिससे परिवादी को वास्तविक राहत एवं संतुष्टि मिले। कलक्टर ने कहा कि संपर्क पोर्टल एवं सीपी-ग्राम्स शासन और आमजन के बीच संवाद के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने, शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने तथा आमजन को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही पोर्टलों की नियमित मॉनिटरिंग, समय-समय पर समीक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कलक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक परिवादी तक त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं पहुंचाना है। इसके लिए सभी अधिकारी समन्वित प्रयास करते हुए जनविश्वास को और अधिक मजबूत बनाएं।

Updated on:
05 Aug 2026 06:00 am
Published on:
05 Aug 2026 06:00 am