उदयपुर

राजस्थान के सरकारी स्कूल में शिक्षक ने छात्र से कटवाया मुर्गा, फोटो वायरल होते ही ‘गुरुजी’ मुर्गा लेकर फरार

Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर में सरकारी टीचर की हैरान कर देने वाली कर​तूत सामने आई है। जिससे प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।
2 min read
• •
Updated: 27 Apr 2025, 9:16 AM IST
Cock-1

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में सरकारी टीचर की हैरान कर देने वाली कर​तूत सामने आई है। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले विद्यालय में एक शिक्षक ने परीक्षा के दौरान छात्र से पहले मुर्गा मंगवाया और फिर छात्र से ही मुर्गे को कटवाया। घटना के फोटो वायरल होते ही शिक्षक मुर्गा लेकर स्कूल से भाग खड़े हुए। मामला कोटड़ा क्षेत्र के राउमावि सावन का क्यारा का है। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने जांच के आदेश दे दिए है।

यह बात ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को पता चली तो शिक्षक के खिलाफ कार्यवाही को लेकर कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी एवं उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत से शिकायत की। इधर, छात्र ने बताया कि शनिवार को मेरा अंग्रेजी का पेपर चल रहा था। इस दौरान गुरुजी कक्षा में आए और मुझे मुर्गा काटने की बात कही और साथ ले गए। मैंने मुर्गा काटकर उन्हें दे दिया।

यह है मामला

सावन का क्यारा स्कूल में अध्ययनरत कक्षा 9 के छात्र राहुल कुमार पारगी से शनिवार को अध्यापक मोहनलाल डोडा विद्यालय परिसर के पास ही मुर्गा कटवाकर साफ करवा रहा था। जबकि राहुल की विद्यालय में परीक्षा चल रही थी। यह देख स्थानीय लोगों ने छात्र के मुर्गा साफ करते हुए फोटो वायरल कर दिए। भनक लगते ही शिक्षक मौके से मुर्गा लेकर स्कूल से भाग गए। उपखंड अधिकारी ने अध्यापक मोहनलाल डोडा को पुनः स्कूल आने को कहा तो अध्यापक बहाने करता रहा और स्कूल नही पहुंचा।

इनका कहना है…

मामला मेरे संज्ञान में आया है। जांच टीम मौके पर भेजी थी। शिक्षक अगर दोषी पाया जाता है तो नियमानुसार शिक्षक पर कार्यवाही की जाएगी।
-जीवनलाल खराड़ी, सीबीईओ कोटड़ा

अध्यापक की ओर से परीक्षा के दौरान छात्र से मुर्गा कटवाने की जानकारी मिली। मौके पर जाकर छात्र के बयान लिए तो छात्र ने शिक्षक के लिए मुर्गा काटना स्वीकार किया है।
हंसमुख कुमार, उपखंड अधिकारी, कोटड़ा

Updated on:
27 Apr 2025, 9:16 AM IST
Published on: