उदयपुर

Udaipur Accident: तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में घुसी, पति-पत्नी की गाड़ी के अंदर हुई मौत, एक साल पहले हुई थी शादी

उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवे पर तेज रफ्तार ने एक नवयुवक दंपती की जिंदगी छीन ली। आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुसी कार में सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। शादी को अभी एक साल ही हुआ था और दोनों अपने गांव जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं।
2 min read
Jul 19, 2026
Udaipur Accident
Udaipur Accident: हादसे में क्षतिग्रस्त कार और मृतक पति-पत्नी (फोटो-पत्रिका)

उदयपुर। पिंडवाड़ा हाईवे पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा दंपती की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों की करीब एक साल पहले ही शादी हुई थी और अपने गांव जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार हादसा गोगुंदा थाना क्षेत्र में जसवंतगढ़ के पास झेलानी गांव के पास हुआ। कार गोगुंदा से पिंडवाड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों शव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए।

कार को काटकर निकाला गया शव

हादसे की सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कार को काटकर दोनों शव बाहर निकाले गए और गोगुंदा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

मंदिर में दोनों ने की थी शादी

थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि मृतकों की पहचान जालोर जिले के निंबावास निवासी 25 वर्षीय मुकेश चौधरी और उनकी 22 वर्षीय पत्नी प्रियंका साहनी के रूप में हुई है। प्रियंका मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली थीं। दोनों का विवाह करीब एक वर्ष पहले आर्य समाज रीति-रिवाज से हुआ था। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को देने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव उनको सुपुर्द कर दिए।

यह वीडियो भी देखें :

गांव जा रहा था युवा जोड़ा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुकेश कोटा में मोबाइल शॉप का संचालन करते थे। रविवार को वह पत्नी के साथ अपने पैतृक गांव निंबावास जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। शादी के महज एक साल बाद हुए इस हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं।

ट्रक चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया

पुलिस ने हादसे के बाद ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ।

परिजनों में शोक की लहर

इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। वहीं, गांव में जैसे ही दंपती की मौत की खबर पहुंची, परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।

Updated on:
19 Jul 2026 10:04 pm
Published on:
19 Jul 2026 09:59 pm